Hindi News

चैंपियंस ट्रॉफी और न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली करारी हार के बाद अब पाकिस्तान बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा टी20 सीरीज, शेड्यूल हुआ जारी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मई 2025 में होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज से फैसलाबाद के इकबाल स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हो रही है। यह सीरीज 2026 टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
चैंपियंस ट्रॉफी और न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली करारी हार के बाद अब पाकिस्तान बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा टी20 सीरीज, शेड्यूल हुआ जारी

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खराब प्रदर्शन के चलते आलोचनाओं का सामना किया। पाकिस्तान ने लंबे समय बाद आईसीसी के किसी टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। हालांकि इस बड़े टूर्नामेंट में टीम दूसरे ही मुकाबले में बाहर हो गई जिसके चलते फैंस पूरी तरह नाराज हो गए। दरअसल पिछले कुछ आईसीसी के टूर्नामेंट पर नजर डालें तो पाकिस्तान की टीम बुरे दौर से गुजरी है। वहीं अब पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 25 मई से 3 जून 2025 तक खेली जाएगी।

दरअसल इस सीरीज के पहले दो मैच फैसलाबाद के ऐतिहासिक इकबाल स्टेडियम में होंगे, जहां 17 वर्षों बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हो रही है। जबकि बचे हुए तीन मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे। जानकारी के मुताबिक यह सीरीज 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के तौर पर काफी अहम मानी जा रही है।

इकबाल स्टेडियम में लंबे समय बाद खेल जाएगा मैच

बता दें कि फैसलाबाद का इकबाल स्टेडियम आखिरी बार अप्रैल 2008 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी कर चुका है। उसके बाद से यहां कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं हुआ। अब 25 और 27 मई को पाकिस्तान-बांग्लादेश टी20 मैचों के साथ यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हो रही है। इससे पहले, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने की योजना बनाई थी, ताकि यहां फिर से अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित किए जा सकें। हालांकि अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या पाकिस्तान क्रिकेट टीम लंबे समय बाद इस मैदान पर होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैच में जीत दर्ज कर पाती है या नहीं।

क्या बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को मिलेगी टीम के जगह?

वहीं यह सीरीज पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2025 के खत्म होने के बाद आयोजित की जाएगी। बता दें कि PSL का फाइनल मुकाबला 18 मई को खेला जाएगा। इस समय पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ी पीएसएल में व्यस्त है। हालांकि अब तक इस सीरीज के लिए टीम का ऐलान नहीं किया गया है। यह देखना बेहद दिलचस्प रहने वाला है कि क्या बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को टीम कंटिन्यू करती है या नहीं। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पर लगातार खराब फार्म के चलते सवाल खड़े हुए हैं। ऐसे में T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले या सीरीज काफी अहम है। बता दें की न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम ने बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को टीम से बाहर किया था। ऐसे में क्या उन्हें एक बार फिर बाहर बैठना पड़ेगा?

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाली सीरीज का शेड्यूल इस प्रकार है:

25 मई: पहला टी20 – इकबाल स्टेडियम, फैसलाबाद 

27 मई: दूसरा टी20 – इकबाल स्टेडियम, फैसलाबाद 

30 मई: तीसरा टी20 – गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर 

1 जून: चौथा टी20 – गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर 

3 जून: पांचवां टी20 – गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews