भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर संजू सैमसन के दमदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की है। दरअसल सैमसन ने इस वर्ल्ड कप में 321 रन बनाकर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है, जो किसी एक टी20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन थे। प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजू सैमसन की इस उपलब्धि और उनकी खेल भावना का जिक्र किया है।
दरअसल केरल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मोदी ने संजू सैमसन के प्रदर्शन को एक प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत किया है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें भी वैसा ही धैर्य और आत्मविश्वास दिखाना चाहिए, जैसा संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट मैचों में दिखाया था। पीएम मोदी ने सैमसन की उस क्षमता को भी रेखांकित किया है, जिसमें उन्होंने टीम के लिए मुश्किल समय में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
ये भी पढ़ें
जानिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “अभी क्रिकेट का सीजन चल रहा है, और केरल के सभी लोगों के लिए यह कुछ सीख लेने का समय है। हमने संजू सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप में देखा है। जैसे ही टूर्नामेंट में मुश्किल परिस्थिति आई और नॉकआउट चरण आया, सैमसन का प्रदर्शन अपने चरम पर पहुंच गया था। शुरू से लेकर अंत तक उनका ध्यान, आत्मविश्वास और एकाग्रता लगातार बढ़ती रही है। यह एक सच्चे खिलाड़ी की निशानी है। जब टीम को उनकी जरूरत थी, तब उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ करके दिखाया है।”
प्रधानमंत्री ने कहा है कि सैमसन ने दिखाया है कि दबाव में कैसे प्रदर्शन को बेहतर बनाया जाता है। उन्होंने विशेष रूप से नॉकआउट चरण में सैमसन के प्रदर्शन की सराहना की है, जब टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। यह बयान ऐसे समय आया है जब केरल में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं और भाजपा राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन का रिकॉर्ड प्रदर्शन
संजू सैमसन के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत आसान नहीं थी। उन्हें टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में लगातार प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल पा रहा था। हालांकि जब टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे और ओपनिंग क्रम में बदलाव की जरूरत पड़ी, तब संजू सैमसन को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस मौके को उन्होंने बखूबी भुनाया और लगातार तीन अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को संकट से बाहर निकाला था।
सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में कुल 321 रन बनाए हैं, जिसमें तीन महत्वपूर्ण अर्धशतक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के साथ वह पूरे टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे हैं। उनके इस रिकॉर्ड प्रदर्शन ने उन्हें एक खास मुकाम पर पहुंचा दिया है। संजू सैमसन ने एक ही टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी होने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में 319 रन बनाए थे। संजू सैमसन ने कोहली के इस रिकॉर्ड को दो रनों के मामूली अंतर से तोड़कर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि सैमसन के करियर के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुई है, खासकर ऐसे समय में जब उन्हें लगातार टीम में जगह बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा है।