Hindi News

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वैन डर डुसेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं होने के बाद लिया फैसला

Written by:Rishabh Namdev
Last Updated:
37 वर्षीय दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज रासी वैन डर डुसेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। यह फैसला तब आया जब क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं किया।
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वैन डर डुसेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं होने के बाद लिया फैसला

दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज रासी वैन डर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। दरअसल 37 साल के इस खिलाड़ी ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट Cricket South Africa ने 2026-27 सीजन के लिए रिन्यू नहीं किया, जिसके बाद उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़ने का फैसला लिया है।

दरअसल डुसेन लंबे समय तक दक्षिण अफ्रीका के मिडिल ऑर्डर के भरोसेमंद बल्लेबाज रहे। इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने लिखा कि भारी मन से वे इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह रहे हैं। उनके अनुसार प्रोटियाज की जर्सी पहनना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा।

दुनिया भर की टी-20 लीग में भी हिस्सा लेंगे

हालांकि उन्होंने साफ किया कि क्रिकेट से पूरी तरह दूर नहीं होंगे। डुसेन घरेलू टीम Highveld Lions के लिए खेलना जारी रखेंगे और दुनिया भर की टी-20 लीग में भी हिस्सा लेंगे। दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग SA20 में वे MI Cape Town टीम से जुड़े रहे हैं और आगे भी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय रहने की योजना है।

वनडे क्रिकेट में शानदार रहा प्रदर्शन

वनडे क्रिकेट में रासी वैन डर डुसेन का प्रदर्शन काफी शानदार रहा। उन्होंने 71 वनडे मैचों में करीब 52 की औसत से रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के इतिहास में यह औसत दिग्गज बल्लेबाज AB de Villiers के बाद दूसरा सबसे बेहतर माना जाता है। अपने वनडे करियर में उन्होंने छह शतक और 17 अर्धशतक लगाए। 2019 में डेब्यू के बाद शुरुआती नौ मैचों में ही पांच अर्धशतक बनाकर उन्होंने टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली थी।

2019 के वर्ल्ड कप के दौरान जब एबी डिविलियर्स ने संन्यास से वापसी की इच्छा जताई थी, तब डुसेन ने खुलकर कहा था कि अगर डिविलियर्स टीम में लौटते हैं तो इसका असर उनके चयन पर पड़ सकता है। उस वर्ल्ड कप में भी वे दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। बाद में ICC Cricket World Cup 2023 और ICC Champions Trophy 2025 में भी वे टीम के टॉप स्कोररों में रहे।

जानिए कैसा रहा टेस्ट में प्रदर्शन

जहां वनडे और टी-20 में डुसेन का प्रदर्शन अच्छा रहा, वहीं टेस्ट क्रिकेट में उनका करियर कुछ अधूरा सा रहा। उन्होंने 18 टेस्ट मैच खेले और छह अर्धशतक लगाए, लेकिन एक भी शतक नहीं बना सके। एक बार वे 98 रन पर आउट हो गए थे और शतक से चूक गए। 2021-22 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद उन्हें टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया और इसके बाद उन्होंने कोई फर्स्ट क्लास मैच भी नहीं खेला।

संन्यास के बाद डुसेन ने नई भूमिका की भी बात की। उन्होंने कहा कि अब वे युवा खिलाड़ियों को सिखाने और उनका मार्गदर्शन करने पर ध्यान देना चाहते हैं। अपने अनुभव से वे नई पीढ़ी के क्रिकेटरों को आगे बढ़ने में मदद करना चाहते हैं।

क्रिकेट साउथ अफ्रीका के डायरेक्टर Enoch Nkwe ने भी डुसेन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि रासी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं थे, बल्कि ड्रेसिंग रूम में टीम को जोड़कर रखने वाली मजबूत आवाज भी थे। उनका योगदान टीम के माहौल और संस्कृति को बेहतर बनाने में अहम रहा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews