Hindi News

क्या जल्द ही BCCI को मिलने वाला है नया अध्यक्ष? इस रेस में ये दिग्गज है सबसे आगे, जानिए कब हो सकता है ऐलान!

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में जल्द बड़ा बदलाव हो सकता है। मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी 70 साल के हो रहे हैं, जो बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक रिटायरमेंट की उम्र है। ऐसे में राजीव शुक्ला का नाम अगले अध्यक्ष के तौर पर सबसे आगे चल रहा है। 
क्या जल्द ही BCCI को मिलने वाला है नया अध्यक्ष? इस रेस में ये दिग्गज है सबसे आगे, जानिए कब हो सकता है ऐलान!

BCCI में जल्द ही एक बड़ा बदलाव होने वाला है, क्योंकि मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी 19 जुलाई 2025 को 70 साल के हो जाएंगे। बोर्ड के नियमों के अनुसार, किसी भी पदाधिकारी की उम्र 70 साल से अधिक नहीं हो सकती। ऐसे में उन्हें अपना यह पद छोड़ना पड़ेगा। वहीं इसी के साथ चर्चा शुरू हो गई है कि अगला बीसीसीआई अध्यक्ष कौन होगा। सूत्रों के मुताबिक, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला इस पद के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। वे जुलाई से ही अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

दरअसल BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का नाम अगले अध्यक्ष के रूप में सबसे आगे चल रहा है। शुक्ला का क्रिकेट प्रशासन में लंबा अनुभव है। वे पहले IPL के चेयरमैन रह चुके हैं और बीसीसीआई के कई प्रमुख निर्णयों में शामिल रहे हैं। एक वरिष्ठ पत्रकार और राजनेता होने के नाते उनका नेटवर्क और समझ दोनों मजबूत हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बोर्ड के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि जुलाई में ही राजीव शुक्ला को अंतरिम अध्यक्ष बनाया जा सकता है, जबकि स्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया बाद में पूरी की जाएगी।

रोजर बिन्नी की विदाई तय

बता दें कि रोजर बिन्नी ने 2022 में सौरव गांगुली की जगह बीसीसीआई अध्यक्ष का पद संभाला था। 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे बिन्नी ने उस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 18 विकेट झटके थे। बतौर अध्यक्ष उन्होंने कई बड़े फैसले लिए, जैसे घरेलू क्रिकेट की मजबूती, महिला क्रिकेट के लिए नई योजनाएं, और भारतीय टीम की इंटरनेशनल लेवल पर ब्रांडिंग। हालांकि, बीसीसीआई के नियम उन्हें 70 साल की उम्र के बाद पद पर बने रहने की अनुमति नहीं देते। इसलिए उनका पद छोड़ना तय है। उनके कार्यकाल में BCCI ने वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छुआ और ICC में भारत की पकड़ और मजबूत हुई है।

क्या राजीव शुक्ला पर सभी की सहमति है? 

दरअसल राजीव शुक्ला सिर्फ वरिष्ठ पदाधिकारी नहीं हैं, बल्कि भारतीय राजनीति और खेल प्रशासन दोनों में अनुभव रखते हैं। बता दें कि उन्होंने यूपीए सरकार के दौरान केंद्रीय मंत्री के रूप में भी काम किया था। साथ ही वे क्रिकेट जगत की राजनीति को अच्छे से समझते हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनके नाम पर बोर्ड के ज्यादातर पदाधिकारी सहमत हो गए हैं। वहीं बीसीसीआई के निर्णयों में उनका दखल पहले से भी रहा है, और उनका कॉन्टैक्ट उन्हें सबके साथ काम करने में सफल बनाता है। IPL के चेयरमैन रहते हुए उन्होंने ब्रांड वैल्यू और ग्लोबल पॉपुलैरिटी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews