भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज यानी 11 जनवरी को पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा, लेकिन इस वनडे मुकाबले से पहले ही भारतीय टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। भारत के स्टार खिलाड़ी ऋषभ पंत अब इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं। ऋषभ पंत को चोट के कारण वनडे टीम से बाहर होना पड़ा है। शनिवार को बड़ौदा में अभ्यास के दौरान ऋषभ पंत के कमर के ऊपर हिस्से में चोट लगी थी। पीटीआई के मुताबिक, ऋषभ पंत दर्द से कराहते हुए स्टेडियम से बाहर चले गए।

भारतीय टीम के पास दो विकेटकीपर विकल्प पहले से मौजूद हैं। बता दें कि ऋषभ पंत के अलावा टीम में केएल राहुल का नाम भी शामिल है। ऐसे में अब पहले मुकाबले में ऋषभ पंत की जगह केएल राहुल विकेटकीपिंग कर सकते हैं। अभी तक बीसीसीआई की ओर से ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर किसी भी खिलाड़ी का नाम घोषित नहीं किया गया है।

क्या ईशान किशन को मिलेगा मौका?

उम्मीद जताई जा रही है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए अब ईशान किशन को ऋषभ पंत की जगह रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम से जोड़ा जा सकता है। ईशान किशन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के स्क्वॉड में भी शामिल हैं। ऐसे में तैयारी को देखते हुए ईशान किशन को इसमें शामिल किया जा सकता है। इससे पहले ऋषभ पंत ने शनिवार को नेट में बल्लेबाजी की। काफी देर तक बल्लेबाजी का अभ्यास करने के बाद स्पिन स्पेशलिस्ट ने उन्हें बल्लेबाजी कराई, लेकिन इसी दौरान फ्रंट फुट पर डिफेंस करते हुए एक गेंद उनकी कमर के ऊपर हिस्से पर जाकर लगी। हेड कोच गौतम गंभीर और सपोर्ट स्टाफ भी ऋषभ पंत के पास पहुंच गए। मेडिकल टीम ने प्रारंभिक उपचार किया और इसके बाद ऋषभ पंत स्टेडियम से बाहर चले गए। इसी बीच कप्तान शुभमन गिल और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर को बात करते हुए भी देखा गया।

लंबे समय बाद ऋषभ पंत वनडे ने वापसी कर रहे थे पंत

जानकारी दे दें कि लंबे समय बाद ऋषभ पंत वनडे टीम में नजर आने वाले थे। ऋषभ पंत ने आखिरी वनडे भारत की ओर से जुलाई 2024 में खेला था। यह मुकाबला उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ खेला था। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी वह भारतीय टीम के स्क्वॉड का हिस्सा रहे थे, हालांकि इस दौरान उन्हें एक भी मुकाबला खेलने को नहीं मिला था। हाल ही में उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी करते हुए मुकाबले खेले थे और दो अर्धशतक भी लगाए थे। ऐसे में उनकी मजबूत वापसी की उम्मीद लगाई जा रही थी। नेट में मोहम्मद सिराज का सामना करते हुए भी ऋषभ पंत को शॉट लगाने में दिक्कत देखी जा रही थी। बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा मुकाबला 14 जनवरी और तीसरा मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा।