Hindi News

राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के क्वालीफायर-2 में बनाई जगह, एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराया

Written by:Rishabh Namdev
Published:
राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से करारी शिकस्त देकर IPL 2026 से बाहर कर दिया। वहीं अब क्वालीफायर-2 में राजस्थान का सामना गुजरात टाइटंस से होगा।
राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के क्वालीफायर-2 में बनाई जगह, एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराया

आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद का सफर समाप्त हो गया है। दरअसल राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में उन्हें 47 रनों से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस महत्वपूर्ण जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने क्वालीफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में उनका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। इस मैच की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ खिताबी फाइनल खेलेगी।

दरअसल बुधवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 19.2 ओवरों में महज 196 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मैच गंवा बैठी।

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी

वहीं राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 7.6 ओवरों में 125 रनों की शानदार साझेदारी की। सूर्यवंशी ने अपनी पारी में 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के जड़े, जबकि जायसवाल ने 29 रनों का योगदान दिया। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने भी 21 गेंदों में ताबड़तोड़ 50 रन बनाए, वहीं कप्तान रियान पराग ने 12 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेली। अंत में रवींद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद लौटे, जिससे टीम एक मजबूत स्कोर तक पहुंच सकी।

हैदराबाद की गेंदबाजी रही कमजोर

हैदराबाद की गेंदबाजी की बात करें तो प्रफुल हिंगे सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 54 रन देकर 3 विकेट चटकाए। ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नीतीश रेड्डी को 1-1 सफलता मिली। हालांकि, कप्तान पैट कमिंस काफी महंगे साबित हुए और अपने 4 ओवरों में 64 रन लुटा दिए, जिससे राजस्थान को बड़ा स्कोर बनाने में मदद मिली।

196 रनों पर ही सिमट गई सनराइजर्स हैदराबाद

244 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा को शून्य पर आउट कर टीम को शुरुआती झटका दिया। उन्होंने ईशान किशन (33) और ट्रैविस हेड (17) को भी पवेलियन भेजकर मैच का रुख पूरी तरह से राजस्थान की ओर मोड़ दिया। इसके बाद नीतीश रेड्डी ने 38 और सलिल अरोड़ा ने 35 रन बनाकर कुछ संघर्ष करने का प्रयास किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके और 19.2 ओवर में 196 रनों पर ही सिमट गई।

राजस्थान की गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 58 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए। नांद्रे बर्गर, रवींद्र जडेजा और सुशांत मिश्रा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि यश पुंजा को 1 सफलता मिली। इन गेंदबाजों के संयुक्त प्रदर्शन ने हैदराबाद को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews