हिमाचल प्रदेश की 1276 पंचायतों में आज दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। सुबह सात बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में 17 लाख 30 हजार 30 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इन मतदाताओं में 8 लाख 74 हजार 716 पुरुष और 8 लाख 55 हजार 597 महिलाएं शामिल हैं। राज्य के 7334 पोलिंग बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। मतदान दोपहर तीन बजे तक जारी रहेगा।
दरअसल मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के तत्काल बाद, संबंधित पंचायत भवनों में प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतों की गणना की जाएगी। हालांकि, बीडीसी (ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल) और जिला परिषद के लिए डाली गई मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। इन पदों के लिए मतगणना 31 मई को निर्धारित की गई है।
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई
वहीं निर्वाचन आयोग ने सुचारु और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस को मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
राज्य के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र कॉमिक में भी आज ही वोट डाले जा रहे हैं। 4,587 मीटर की ऊंचाई पर लाहौल-स्पीति जिले के स्पीति ब्लॉक की लांगजा पंचायत के अंतर्गत स्थित प्राइमरी स्कूल कॉमिक में स्थापित इस मतदान केंद्र में कुल 77 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 37 पुरुष और 40 महिलाएं शामिल हैं। कॉमिक मतदान केंद्र को ‘पिंक बूथ’ के रूप में तैयार किया गया है, जिसका संचालन पूरी तरह से महिला पोलिंग पार्टी द्वारा किया जा रहा है।
कांगड़ा जिले में सर्वाधिक 3 लाख 95 हजार 856 मतदाता
जिला स्तर पर मतदाताओं की संख्या में भिन्नता दर्ज की गई है। कांगड़ा जिले में सर्वाधिक 3 लाख 95 हजार 856 मतदाता हैं, जो अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। वहीं, किन्नौर जिले में सबसे कम 19 हजार 150 मतदाता पंजीकृत हैं। अन्य जिलों में बिलासपुर में 1 लाख 8 हजार 746, चंबा में 1 लाख 48 हजार 219, हमीरपुर में 1 लाख 25 हजार 768, कुल्लू में 1 लाख 3 हजार 797, लाहौल-स्पीति में 8 हजार 875, मंडी में 2 लाख 71 हजार 281, शिमला में 1 लाख 74 हजार 514, सिरमौर में 1 लाख 25 हजार 673, सोलन में 1 लाख 19 हजार 682 और ऊना में 1 लाख 27 हजार 569 मतदाता पंजीकृत हैं।
मतदान प्रक्रिया के दौरान कुछ स्थानों पर अनियमितताएं भी सामने आई हैं। स्टेट इलेक्शन कमीशन ने चंबा जिले के तीसा ब्लॉक की सवाला पंचायत के वार्ड नंबर-2 में पुनर्मतदान के आदेश दिए हैं। यह निर्णय 26 मई को मतदान कर्मियों द्वारा बरती गई लापरवाही के कारण लिया गया, जहां कुछ मतदाताओं को नियमानुसार घोषणा लिए बिना साथी (कंपेनियन) के साथ मतदान की अनुमति दी गई थी। इस वार्ड में अब 30 मई को दोबारा मतदान होगा, और मतगणना एवं परिणाम की घोषणा 31 मई को की जाएगी।






