टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के प्रदर्शन और रणनीति को लेकर बहस जारी है। इस बीच, टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने बाबर आजम की बैटिंग पोजीशन को लेकर टीम मैनेजमेंट पर तीखा हमला बोला है। न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम मुकाबले से ठीक पहले अफरीदी ने कहा कि अगर बाबर को नंबर चार पर खिलाने का फैसला पाकिस्तान में ही कर लिया गया था, तो टीम टूर्नामेंट में जाने से पहले ही हार चुकी थी।
एक पाकिस्तानी टीवी चैनल ‘समा टीवी’ पर बातचीत के दौरान शाहिद अफरीदी ने टीम की सोच पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने ओपनर सईम अयूब के लगातार खराब प्रदर्शन का हवाला देते हुए बाबर आजम को दोबारा ओपनिंग स्लॉट में लाने की वकालत की।
‘पाकिस्तान से ही हारकर चले गए’
अफरीदी ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि टीम चयन और रणनीति मैदान की परिस्थितियों और विरोधी टीम को देखकर तय होनी चाहिए, न कि पहले से तय मानसिकता के साथ।
“अगर आपने पाकिस्तान में ही बैठकर सोच लिया था कि बाबर आजम चौथे नंबर पर खेलेगा तो इसका मतलब है कि आप पाकिस्तान से ही हारकर चले गए हैं।” — शाहिद अफरीदी
उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास एक सीनियर खिलाड़ी के रूप में बाबर आजम मौजूद है। बाबर आजम चौथे नंबर का बल्लेबाज नहीं है, अगर आप पाकिस्तान से ही ये सोचकर गए हो तो आप हार गए हो।”
सईम अयूब के प्रदर्शन पर उठाए सवाल
शाहिद अफरीदी ने युवा सलामी बल्लेबाज सईम अयूब के आंकड़ों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अयूब को लगातार मौके दिए गए, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए।
अफरीदी ने कहा, “अगर हम सईम अयूब के पिछले 40-50 मैच देखें तो उसने मुश्किल से 2-4 या 5 मैचों में ही प्रदर्शन किया है। अगर यह लड़का लगातार परफॉर्म नहीं कर रहा तो हमारे पास बैकअप के तौर पर बाबर आजम का इस्तेमाल करने का विकल्प था।”
टी20 वर्ल्ड कप के मौजूदा संस्करण में भी सईम अयूब का बल्ला खामोश रहा है। उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ 24, यूएसए के खिलाफ 19, भारत के खिलाफ 6 और नामीबिया के खिलाफ केवल 14 रन बनाए। उनके बल्ले से कोई भी बड़ी और प्रभावशाली पारी नहीं निकली है, जिसके बाद उनकी जगह पर सवाल उठ रहे हैं।






