भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही दो टेस्ट मैच की सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी में 22 नवंबर से खेला जाएगा। पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को हराया था इसलिए भारत अब सीरीज बचाने के लिए गुवाहाटी का टेस्ट जीतना चाहेगा। वहीं साउथ अफ्रीका इस मैच में जीतकर सीरीज जीतने की कोशिश करेगा। इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लग सकता है। दरअसल भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल इस मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। बता दें कि कोलकाता में खेले गए पहले मुकाबले में शुभमन गिल को गर्दन में खिंचाव महसूस हुआ था जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और भारत की दूसरी पारी में भी शुभमन बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे।
बंगाल क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि शुभमन गिल की गर्दन में अभी भी तेज दर्द है। गिल को मेडिकल नेकबैंड पहनकर आराम करने की सलाह दी गई है और उन्हें 3 से 4 दिन हवाई यात्रा न करने और गुवाहाटी न जाने की भी सलाह दी गई है। शुभमन की रिकवरी पर नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें
टीम के साथ गुवाहाटी नहीं पहुंचे गिल
यही कारण है कि शुभमन हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के बाद भी टीम के साथ गुवाहाटी नहीं पहुंचे और फिलहाल आराम कर रहे हैं। हालांकि मंगलवार तक यह साफ हो सकता है कि शुभमन दूसरे मुकाबले में खेलेंगे या नहीं। दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से खेला जाएगा। अगर शुभमन 4 दिन का समय लेते हैं तो भी वे संभवतः मैदान पर उतर सकते हैं। दरअसल 15 नवंबर को कोलकाता में खेले गए मुकाबले में शुभमन गिल स्वीप शॉट खेलते समय गर्दन में खिंचाव महसूस कर रहे थे। इसके चलते वह रिटायर्ड हर्ट हो गए थे और उन्हें वुडलैंड अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि रविवार शाम को ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था।
पहली पारी में ही शुभमन रिटायर्ड हर्ट हो गए थे
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में ही शुभमन रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। शुभमन गिल वाशिंगटन सुंदर के आउट होने के बाद 35वें ओवर में बल्लेबाजी करने मैदान में आए थे। साउथ अफ्रीका के हार्मर गेंदबाजी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी गेंद पर शुभमन ने चौका लगाने का प्रयास किया लेकिन उनकी गर्दन में परेशानी महसूस हुई। कुछ देर तक फिजियो और गिल के बीच मैदान पर बातचीत हुई। कुछ समय तक शुभमन गिल ने बल्लेबाजी करने की कोशिश भी की लेकिन अंत में उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। उन्हें एक निजी अस्पताल में स्कैन के लिए भेजा गया था जिसमें गर्दन में ब्रेश पहने हुए भी दिखाया गया था।
कौन करेगा टीम की कप्तानी
वहीं शुभमन की अनुपस्थिति में कोलकाता में खेले गए टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने टीम की कमान संभाली थी। ऐसे में अब गुवाहाटी में होने वाले मुकाबले में भी ऋषभ पंत कप्तानी कर सकते हैं। हालांकि शुभमन 22 नवंबर तक पूरी तरह से रिकवर हो जाएंगे जिसके चलते वे मैदान पर उतर सकते हैं। दोनों टीमों के बीच खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम को 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। भारत को साउथ अफ्रीका ने मात्र 124 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे भारतीय टीम चेज़ नहीं कर पाई थी और मात्र 93 रनों पर ढेर हो गई थी।