भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टीम इंडिया में बढ़ते विकल्पों और शानदार प्रदर्शन को ‘अच्छा सिरदर्द’ बताया है। दरअसल अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद गिल ने यह बात कही। जानकारी दे दें कि टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को तीसरे वनडे में 9 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही भारत ने वनडे सीरीज में मेहमान टीम का पूरी तरह सफाया कर दिया।
दरअसल शुभमन गिल से प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा के वनडे टीम में भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया था। रोहित पहले दो मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। हालांकि, तीसरे मैच में उन्होंने 79 रनों की शानदार पारी खेली। अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा ने कुल 143 रन बनाए। भारतीय टीम इस सीरीज को 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों की शुरुआत मान रही है। नए खिलाड़ियों को मौका देकर एक बेहतरीन टीम संयोजन बनाने की कोशिश जारी है।
इंग्लैंड के खिलाफ कैसा रहेगा ओपनिंग कॉम्बिनेशन?
इंग्लैंड दौरे पर टीम का ओपनिंग कॉम्बिनेशन कैसा रहेगा, इस पर भी गिल से सवाल किया गया। कप्तान गिल ने खुलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘जब आपके सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों, तो यह वाकई एक अच्छा सिरदर्द है।’ यह बयान टीम में बढ़ रही प्रतिस्पर्धा और ज्यादा विकल्पों की ओर इशारा करता है।
शुभमन गिल ने जानकारी दी कि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान बहुत जल्द होगा। टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरा 1 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। इस दौरे पर पहले पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद 14 से 19 जुलाई तक तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी।
यशस्वी जायसवाल को ‘अनलकी’ खिलाड़ी भी बताया
कप्तान गिल ने युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को ‘अनलकी’ खिलाड़ी भी बताया। गिल के मुताबिक, जब सभी खिलाड़ी उपलब्ध होते हैं तो बदकिस्मती से यशस्वी जायसवाल को ही प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ता है। जायसवाल ने तीसरे वनडे मैच में 110 रन बनाकर नाबाद पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक था।
गिल ने बताया कि विराट कोहली इस सीरीज में नहीं खेले। इसी वजह से जायसवाल को दो मैच खेलने का मौका मिला। जायसवाल ने इन मौकों का पूरा फायदा उठाया और शानदार खेल दिखाया। कप्तान गिल ने उम्मीद जताई कि जायसवाल अपनी अच्छी फॉर्म को आगे भी जारी रखेंगे। साथ ही, भविष्य में उन्हें जो भी मौके मिलेंगे, उनका वह पूरा फायदा उठाते रहेंगे।






