MP Breaking News

ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचा श्रीलंका, अफगानिस्तान को 103 रन से हराया, अब भारत से होगी भिड़ंत

श्रीलंका-ए ने अफगानिस्तान-ए को 103 रन से करारी हार देकर ट्राई नेशन सीरीज के फाइनल में जगह बना ली। दरअसल अब 21 जून को खिताबी मुकाबला इंडिया-ए से होगा।
ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचा श्रीलंका, अफगानिस्तान को 103 रन से हराया, अब भारत से होगी भिड़ंत

श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई नेशन सीरीज में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। दरअसल आखिरी लीग मुकाबले में श्रीलंका-ए ने शानदार खेल दिखाते हुए अफगानिस्तान-ए को 103 रनों के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस शानदार जीत के साथ अब खिताबी मुकाबले में उसका सामना भारतीय टीम इंडिया-ए से होगा, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है।

दरअसल दांबुला में खेले गए इस अहम मुकाबले में श्रीलंका-ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 322 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। यह स्कोर अफगानिस्तान के सामने एक बड़ी चुनौती था, जिसे श्रीलंका के बल्लेबाजों ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से तैयार किया।

अविष्का ने खेली शतकीय पारी

श्रीलंका के लिए सलामी बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 97 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौकों और 1 छक्के की मदद से शानदार 110 रन बनाए। अविष्का ने अपनी शतकीय पारी से टीम को मजबूत शुरुआत दी और स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। उनके बल्ले से निकले हर शॉट ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

निरोशन डिकवेला ने भी शानदार प्रदर्शन किया

उनके साथ दूसरे सलामी बल्लेबाज निरोशन डिकवेला ने भी शानदार प्रदर्शन किया। डिकवेला ने 12 चौकों की मदद से 65 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 99 गेंदों में 133 रन की मजबूत साझेदारी कर अफगानिस्तान के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया। इस साझेदारी ने श्रीलंका की पारी की मजबूत नींव रखी, जिसके दम पर टीम बड़ा स्कोर बना सकी। अफगानिस्तान के लिए फरीदून दाऊदजई ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, लेकिन वे श्रीलंका को बड़े स्कोर तक पहुंचने से नहीं रोक सके।

अफगानिस्तान-ए की टीम पूरी तरह बिखरी

323 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान-ए की टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई। टीम 42.5 ओवर में सिर्फ 219 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मुकाबला 103 रन से हार गई। अफगानिस्तान के बल्लेबाज श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आए और लगातार विकेट गंवाते रहे।

अफगानिस्तान के लिए हसन ईसाखिल ने संघर्ष भरी पारी खेली। उन्होंने 78 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा 74 रन बनाए। हालांकि, उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी और उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा सहयोग नहीं मिला। ईसाखिल के अलावा कोई भी अफगान बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका। टीम के छह बल्लेबाज तो 10 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए, जिसमें से दो खिलाड़ी बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।

दुलाज समुदिथा की शानदार गेंदबाजी

श्रीलंका की ओर से दुलाज समुदिथा ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए और अफगानिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया। कुगाथास मथुलन ने भी 3 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। रविंदु फर्नांडो और विजयकांत वियासकांत को 1-1 विकेट मिला, जिससे अफगानिस्तान की पारी जल्दी सिमट गई।

अब क्रिकेट प्रेमियों को इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच होने वाले खिताबी मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है। यह रोमांचक फाइनल मैच 21 जून (रविवार) को दांबुला के रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस बड़े मुकाबले में भारतीय टीम के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें होंगी। वैभव ने अब तक सीरीज में चार मैच खेले हैं, लेकिन उनके बल्ले से अभी तक एक भी अर्धशतकीय पारी नहीं निकली है। उन्होंने 4 पारियों में 29.25 की औसत से कुल 117 रन बनाए हैं। फाइनल में वैभव का प्रदर्शन कैसा रहता है, यह देखना दिलचस्प होगा, क्योंकि उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचा श्रीलंका, अफगानिस्तान को 103 रन से हराया, अब भारत से होगी भिड़ंत - MP Breaking News