MP Weather Update: आज खंडवा-खरगोन समेत 5 जिलों में बारिश, 24 अक्टूबर को फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम, रात का गिरेगा पारा

मध्य प्रदेश में आज भी 5 जिलों में बारिश, शनिवार से 3-4 दिन शुष्क रहेगा मौसम, 24 अक्टूबर को सक्रिय होगा नया सिस्टम, अक्टूबर अंत में फिर बनेगी बादल-बारिश की स्थिति
MP Weather

शनिवार से मध्य प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम प्रणालियों के कमजोर होने से बारिश का दौरअब थमने लगेगा। हालांकि 24 अक्टूबर को एक नया वेदर सिस्टम भी सक्रिय हो रहा है लेकिन इसका असर अक्टूबर अंत तक देखने को मिलेगा।

आज, शुक्रवार को इंदौर संभाग के पांच जिलों में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिला शामिल है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।

गुरुवार, 22 अक्टूबर को इंदौर-धार में कहीं-कहीं बारिश हुई। पश्चिमी हिस्से में कई स्थानों पर बादल छाए रहे। कटनी के करौंदी में सबसे कम 13.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अमरकंटक, रीवा, उमरिया और शहडोल में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। खजुराहो, गुना और रतलाम में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

24 अक्टूबर को सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, फिर होगी बारिश, गिरेगा पारा

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक,  ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है और इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। फिलहाल एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण मध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर उत्तर-पूर्व झारखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों के ऊपर स्थित है।

एक नया पश्चिमी विक्षोभ 24 अक्टूबर 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसका असर अक्टूबर अंत में देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती है। आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। खास करके रात का पारा 2 से 3 डिग्री गिर सकता है, जिसके असर से ठंड और बढ़ने का अनुमान है।

इस साल सामान्य से 4 फीसदी कम हुई बारिश

  • इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 जून से 3 अक्टूबर 2026 यानि 100 दिन मध्य प्रदेश में सक्रिय रहा। प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 37.3 इंच है लेकिन इस अवधि में 35.8 इंच (95.9%) बारिश हुई। इन आंकड़ों के हिसाब से इस साल प्रदेश में करीब 4% यानि 1.5 इंच बारिश कम हुई।
  • राहत की बात ये रही कि प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो गया लेकिन 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। पूर्वी हिस्से में 4% ज्यादा पानी गिरा, लेकिन पश्चिमी हिस्से में औसत से 12% कम बारिश हुई।
  • भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में बारिश का कोटा पूरा हो गया ।
  • नरसिंहपुर, दमोह, बालाघाट, अशोकनगर, मुरैना, मंदसौर, खंडवा, बड़वानी, नीमच, जबलपुर, रीवा, सागर, देवास, सिवनी, सीहोर, शिवपुरी, रायसेन, छिंदवाड़ा, विदिशा, शाजापुर, पांढुर्णा, इंदौर, उज्जैन, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, रतलाम, झाबुआ, धार और आलीराजपुर में सामान्य से कम बारिश हुई।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews
MP Weather Update: आज खंडवा-खरगोन समेत 5 जिलों में बारिश, 24 अक्टूबर को फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम, रात का गिरेगा पारा - MP Breaking News