Hindi News

श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने PSL 2026 का कॉन्ट्रैक्ट छोड़ा, IPL 2026 में इस टीम को किया जॉइन

Written by:Rishabh Namdev
Published:
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को एक और बड़ा झटका लगा है, क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान दासुन शनाका ने अपना PSL कॉन्ट्रैक्ट तोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स को जॉइन कर लिया है। उन्हें सैम करन की जगह 2 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया गया है।
श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने PSL 2026 का कॉन्ट्रैक्ट छोड़ा, IPL 2026 में इस टीम को किया जॉइन

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की बढ़ती लोकप्रियता और वित्तीय ताकत के सामने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) एक बार फिर कमजोर साबित हुई है। श्रीलंका के T20 कप्तान और धाकड़ ऑलराउंडर दासुन शनाका ने PSL 2026 का अपना कॉन्ट्रैक्ट बीच में ही छोड़कर IPL की टीम राजस्थान रॉयल्स का दामन थाम लिया है। यह इस सीजन में दूसरा मौका है जब किसी बड़े खिलाड़ी ने PSL पर IPL को तरजीह दी है।

शनाका PSL 2026 में लाहौर कलंदर्स की टीम से खेलने वाले थे, लेकिन अब वह IPL में गुलाबी जर्सी में नजर आएंगे। राजस्थान रॉयल्स ने भी इस खबर की पुष्टि कर दी है। उन्हें टीम में ऑलराउंडर सैम करन के रिप्लेसमेंट के तौर पर 2 करोड़ रुपये की कीमत पर साइन किया गया है।

PSL को लगातार दूसरा झटका

दासुन शनाका इस सीजन में PSL छोड़कर IPL में आने वाले पहले खिलाड़ी नहीं हैं। उनसे ठीक पहले जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने भी ऐसा ही कदम उठाया था। मुजरबानी ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ अनुबंध किया, जहां उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान की जगह ली। इन घटनाओं ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि जो भी खिलाड़ी PSL का अनुबंध तोड़कर किसी दूसरी लीग में जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पिछले सीजन में भी ऐसा ही एक मामला देखने को मिला था, जब दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश ने मुंबई इंडियंस को जॉइन कर लिया था, जिसके बाद PCB ने उन पर PSL में खेलने से एक साल का प्रतिबंध लगा दिया था।

कैसा रहा है शनाका का प्रदर्शन?

दासुन शनाका एक अनुभवी तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं। वह श्रीलंका के लिए 6 टेस्ट, 71 वनडे और 131 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 3,000 से ज्यादा रन बनाने के साथ-साथ 86 विकेट भी चटकाए हैं।

IPL में उनका अनुभव हालांकि बहुत ज्यादा नहीं है। इससे पहले वह 2023 और 2025 में गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ 3 मैच खेलने का मौका मिला। राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़कर वह अपने IPL करियर को एक नई दिशा देने की उम्मीद करेंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews