Hindi News

मध्य प्रदेश मौसम पर नया अपडेट, 26 और 29 मार्च को सक्रिय होंगे 2 नए सिस्टम, फिर बादल-बारिश और आंधी का अलर्ट

Written by:Pooja Khodani
Last Updated:
MP Weather Forecast: मार्च अंत में दो नए पश्चिमी विक्षोभ 26 और 29 मार्च को सक्रिय होने जा रहे हैं। इसके असर से बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश मौसम पर नया अपडेट, 26 और 29 मार्च को सक्रिय होंगे  2 नए सिस्टम, फिर बादल-बारिश और आंधी का अलर्ट

इन दिनों में मध्य प्रदेश के मौसम के दो अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां दिन के समय तेज धूप के साथ गर्मी अपना असर दिखा रही है, वहीं दूसरी तरफ सुबह व रात में ठंडक बनी हुई हैं। सोमवार (23 मार्च 2026) को रायसेन में तापमान 38 °C दर्ज हुआ। नर्मदापुरम में 37.4 °C, रतलाम में 36.4 °C, गुना-खरगोन में 36.2 °C, खजुराहो में 36 °C रिकॉर्ड किया गया। उज्जैन, सागर, ग्वालियर-चंबल संभाग में बादल छाए रहे। फिलहाल दो दिन मौसम शुष्क रहेगा हालांकि कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं।

मार्च अंत में सक्रिय होंगे 2 नए सिस्टम, बदलेगा मौसम

मौसम विज्ञान केन्द्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं लगभग 148 किमी/घंटा की गति माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊंचाई पर पश्चिम भारत के ऊपर बह रही हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में 2 नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। पहला पश्चिमी विक्षोभ 26 मार्च और दूसरा 29 मार्च से प्रभावित करने की संभावना है। इसके असर से रीवा, सागर, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में बादल छाने के साथ फिर बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। ग्वालियर और चंबल संभाग में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।

26-27 मार्च को बादल-बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 मार्च को ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज और सीधी में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 27 मार्च को पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, अनूपपुर और शहडोल में भी बारिश होने की संभावना है।

अगले महीने गर्मी दिखाएगी सख्त तेवर

मौसम विभाग ने इस साल अप्रैल और मई में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। अगले दो महीनों में ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में पारा 45 °C पहुंचने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में गर्मी हाल बेहाल कर सकती है। नीमच, मंदसौर, विदिशा, सागर, सीधी, सिंगरौली भी गर्म रहेंगे। बुंदेलखंड और पूर्वी मध्यप्रदेश (विंध्य क्षेत्र) में हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है।

बड़े शहरों अधिकतम तापमान (सोमवार का)

  • भोपाल में 34.2°C
  • इंदौर में 34.9°C
  • जबलपुर में 34.2°C
  • ग्वालियर में 29.2°C
  • उज्जैन में 35.0°C

बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान (सोमवार का)

  • भोपाल में 17.0°C
  • इंदौर में 18.2°C
  • जबलपुर में 17.3°C
  • ग्वालियर में 17.5°C
  • उज्जैन में 16.3°C

MP WEATHER FORECAST REPORT

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews