Hindi News

लंका प्रीमियर लीग में खेलने के लिए खिलाड़ी के 2.5 लाख फॉलोअर्स होना चाहिए! अजीब शर्त को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने हटाया

Written by:Rishabh Namdev
Published:
श्रीलंका क्रिकेट ने लंका प्रीमियर लीग के लिए 2.5 लाख फॉलोअर्स की अजीब शर्त रखी थी, जिस पर विवाद के बाद बदलाव किया गया। चलिए जानते हैं आखिर यह पूरा मामला क्या है?
लंका प्रीमियर लीग में खेलने के लिए खिलाड़ी के 2.5 लाख फॉलोअर्स होना चाहिए! अजीब शर्त को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने हटाया

सोशल मीडिया पर 2.5 लाख फॉलोअर्स की शर्त को लेकर श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड सवालों के घेरे में आ गया था। लंका प्रीमियर लीग में खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए यह अजीब नियम बनाया गया था। श्रीलंका क्रिकेट ने इसे अनिवार्य किया था। इस नियम पर क्रिकेट फैंस ने जमकर गुस्सा जाहिर किया था। उन्होंने बोर्ड के इस फैसले पर कई सवाल भी उठाए थे।

श्रीलंका क्रिकेट ने अब इस नियम को बदल दिया है। खिलाड़ियों के लिए सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स की संख्या की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है। बोर्ड ने फैंस की नाराजगी और विवाद को देखते हुए यह फैसला लिया है। यह पूरा मामला लंका प्रीमियर लीग के आगामी छठे सीजन से पहले चर्चा में आया था।

जानिए क्या नियम लागू किया था?

दरअसल श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने शुरुआत में एक बड़ा ही अजीबोगरीब नियम लागू किया था। इस नियम के अनुसार, जो खिलाड़ी लंका प्रीमियर लीग में हिस्सा लेना चाहते थे, उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर कम से कम 2.5 लाख फॉलोअर्स होने चाहिए थे। यह शर्त खास तौर पर आइकन और स्टार कैटेगरी के खिलाड़ियों के लिए थी। इस शर्त को लेकर क्रिकेट जगत में काफी हलचल मची थी। कई पूर्व क्रिकेटरों और फैंस ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताया था। उनका कहना था कि खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन को महत्व दिया जाना चाहिए, न कि उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स को।

फॉलोअर्स वाली पुरानी शर्त को हटा दिया गया

न्यूजवायर की एक रिपोर्ट में इस बदलाव की जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 9 मई को लंका प्रीमियर लीग के छठे सीजन के लिए खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन और ड्राफ्ट गाइड का एक अपडेटेड वर्जन जारी किया गया है। इस नए वर्जन में फॉलोअर्स वाली पुरानी शर्त को हटा दिया गया है। अब आइकन और स्टार कैटेगरी के खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर 250,000 से अधिक फॉलोअर्स रखने की कोई बाध्यता नहीं होगी। यह एक बड़ी राहत है।

पहली बार ऐसा हुआ

यह पहला मौका नहीं था जब श्रीलंका क्रिकेट ने खिलाड़ियों के लिए ऐसी शर्तें रखी थीं। पिछले सीजन में भी आइकन और स्टार कैटेगरी में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए कई नियम बनाए गए थे। उस समय खिलाड़ियों को कम से कम 75 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलना अनिवार्य किया गया था। इसके अलावा, 100 से ज्यादा फ्रेंचाइजी टी20 मैच खेलने की शर्त भी थी। पिछले 18 महीनों में कम से कम 30 मैच खेलने वाले खिलाड़ियों को ही इस कैटेगरी में शामिल किया जाता था। उन शर्तों के साथ ही, लीग ने खिलाड़ियों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 250,000 से ज्यादा फॉलोअर्स होने को भी अनिवार्य किया था। यानी, यह फॉलोअर्स वाली शर्त पिछले सीजन से ही चली आ रही थी, जिस पर अब जाकर बोर्ड ने यू-टर्न लिया है।

लंका प्रीमियर लीग का छठा सीजन इस साल 10 जुलाई से शुरू होगा। यह लीग 05 अगस्त तक खेली जाएगी। पिछले सीजन के लंका प्रीमियर लीग में जाफना किंग्स ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने खिताब अपने नाम किया था। जाफना किंग्स ने फाइनल मुकाबले में गल्ले मार्वेल्स को हराया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि आगामी सीजन में कौन सी टीम खिताब जीतने में कामयाब होती है। खिलाड़ियों को अब फॉलोअर्स की संख्या की चिंता किए बिना सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देना होगा। यह बदलाव निश्चित तौर पर खिलाड़ियों और फैंस दोनों के लिए अच्छा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews