भारतीय क्रिकेट टीम के सुपरस्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा इस समय परेशानियों में घिरे हुए हैं। हाल ही में रोहित शर्मा को वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया गया और टीम की कप्तानी यंग स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंप दी गई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे और T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान होने के साथ ही नए कप्तान का ऐलान भी कर दिया गया। हालांकि, टीम ऐलान के दौरान चीफ सेलेक्टर ने साफ किया कि रोहित शर्मा से सलाह के बाद ही यह निर्णय लिया गया है, लेकिन अब रोहित शर्मा को लेकर पूर्व खिलाड़ी ने बड़ा बयान दिया है।
क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने अब ऐसा बयान दे दिया है जिसने फैंस की चिंता को और भी बढ़ा दिया है। दरअसल, सुनील गावस्कर का कहना है कि आने वाले समय में रोहित शर्मा के लिए एक और बुरी खबर सुनने को मिल सकती है। चलिए जानते हैं सुनील गावस्कर ने ऐसा क्यों कहा।
क्या बोले सुनील गावस्कर?
दरअसल, स्पोर्ट्स तक से बातचीत के दौरान सुनील गावस्कर ने कहा कि रोहित शर्मा का भविष्य अब टीम मैनेजमेंट पर निर्भर करेगा, साथ ही उनके खुद के फैसले पर भी निर्भर करेगा। सुनील गावस्कर ने कहा कि अगर रोहित की ओर से कोई स्पष्ट वादा नहीं किया जाता कि वह अगले दो साल तक वनडे खेलना जारी रखेंगे या नहीं, तो फैंस को आगे जाकर और बुरी खबर सुनने के लिए तैयार रहना होगा। अब सुनील गावस्कर के इस बयान ने सभी के बीच चर्चाएं छेड़ दी हैं। बता दें कि टीम ऐलान के दौरान चीफ सेलेक्टर की ओर से भी बड़ा बयान दिया गया था। दरअसल, अजीत आगरकर का कहना था कि रोहित शर्मा और विराट कोहली 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं, इसे लेकर अब तक स्पष्टता नहीं मिली है। ऐसे में क्या रोहित शर्मा जल्द ही वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का निर्णय ले सकते हैं?
क्या टीम से बाहर करने की बनाई जा रही योजना?
वहीं, ऐसे संकेत भी दिखाई दे रहे हैं कि टीम मैनेजमेंट रोहित शर्मा को धीरे-धीरे टीम से बाहर करने की योजना बना रहा है। रोहित शर्मा को लेकर सुनील गावस्कर का कहना है कि अगर रोहित शर्मा को वनडे करियर में आगे बढ़ाना है, तो उन्हें घरेलू क्रिकेट में भी सक्रिय रहना होगा। रोहित शर्मा सिर्फ वनडे क्रिकेट ही खेलते हैं, तो उन्हें बहुत कम मौके दिए जाएंगे। अब उन्हें खुद को साबित करने के लिए विजय हजारे ट्रॉफी जैसे टूर्नामेंट में शामिल होना होगा। यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट ने ऐसा रुख अपनाया है।
भारत के बहुत कम वनडे मुकाबले होंगे
सुनील गावस्कर ने कहा कि आने वाले दो सालों में भारत के बहुत कम वनडे मुकाबले होंगे और इसमें रोहित शर्मा के लिए फॉर्म और फिटनेस बनाए रखना मुश्किल होगा। टीम इंडिया का शेड्यूल अब टेस्ट और T20 इंटरनेशनल पर केंद्रित है। अगर रोहित साल में सिर्फ 5 से 7 वनडे ही खेलते हैं, तो इतने कम मैचों में वर्ल्ड कप जैसी बड़ी तैयारी नहीं की जा सकती।






