भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली है। आखिरी मुकाबले में भी जीत दर्ज करते हुए टीम इंडिया ने यह शानदार कामयाबी हासिल की। इस सीरीज में टीम की कमान संभाल रहे सूर्यकुमार यादव को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार ने इस सीरीज में शानदार वापसी की। उन्होंने 5 मैचों में तीन अर्धशतकों की मदद से कुल 242 रन बनाए। यह प्रदर्शन न केवल टीम के लिए महत्वपूर्ण था, बल्कि आगामी T20 विश्व कप से पहले खुद सूर्यकुमार के आत्मविश्वास के लिए भी बेहद जरूरी था।
‘आउट ऑफ फॉर्म नहीं था, बस रन नहीं बन रहे थे’
सीरीज जीतने के बाद सूर्यकुमार ने अपने फॉर्म को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। मैं इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रहा था। मैंने हमेशा इसका सपना देखा था। मैं बस वही करता रहा जो पिछले एक साल से कर रहा था, अपने रूटीन पर कायम रहा।”
“मुझे पता था कि मैं आउट ऑफ फॉर्म नहीं था, बस रन नहीं बन रहे थे।” — सूर्यकुमार यादव
उन्होंने आगे कहा कि यह एक शानदार सीरीज रही है और विश्व कप में इस तरह की भावना के साथ जाना बहुत खास है।
खराब दौर और वापसी पर क्या बोले कप्तान?
अपने मुश्किल दौर को याद करते हुए भारतीय कप्तान ने कहा, “मुझे लगता है कि एक साल तक चीजें ठीक नहीं रहीं, लेकिन यही जिंदगी है। मैंने इसे स्वीकार किया, फिर से शुरुआत की और यह समझने की कोशिश की कि क्या गलत हो रहा था।”
सूर्यकुमार ने बताया कि पिछली सीरीज के बाद मिले दो-तीन हफ्तों के ब्रेक में उन्होंने अपने करीबी दोस्तों के साथ समय बिताया। उन्होंने कहा, “यही एक खिलाड़ी की जिंदगी होती है। मैंने सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि कई करियर में देखा है कि लोग इस तरह के दौर से गुजरते हैं। मुझे पता था कि मेरा समय जरूर आएगा।”
T20 विश्व कप की तैयारियों पर फोकस
आगामी T20 विश्व कप 2026 की तैयारियों को लेकर भी कप्तान ने अपनी रणनीति साफ की। उन्होंने कहा, “आप जीतें या हारें, हमेशा कुछ न कुछ सीखते हैं। जब हम मुंबई जाएंगे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेंगे, तो उसके बाद हम बैठेंगे। हम पिछले पांच मैचों और पूरे साल के प्रदर्शन का विश्लेषण करेंगे कि हमने क्या अच्छा किया और क्या बेहतर कर सकते हैं, फिर हम अपना अभियान शुरू करेंगे।”





