Hindi News

T20 वर्ल्ड कप 2026: अहमदाबाद में खेला जाएगा फाइनल मुकाबला? सेमीफाइनल के लिए इस मैदान को चुना गया! बड़ा अपडेट आया सामने

Written by:Rishabh Namdev
Last Updated:
मुंबई और अहमदाबाद को आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 के बड़े मुकाबले मिल सकते हैं। रिपोर्ट की मानें तो इस बड़े टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो सकता है। हालांकि अब तक वार्म-अप मुकाबलों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। देखना दिलचस्प रहेगा कि किन मैदानों को इस बड़े टूर्नामेंट के वार्म-अप मुकाबले मिलते हैं।
T20 वर्ल्ड कप 2026: अहमदाबाद में खेला जाएगा फाइनल मुकाबला? सेमीफाइनल के लिए इस मैदान को चुना गया! बड़ा अपडेट आया सामने

एक बार फिर भारत बड़े आईसीसी इवेंट की मेजबानी करने जा रहा है। बता दें कि आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से मेजबानी करने वाले हैं। अब इस वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक सेमीफाइनल, फाइनल और शुरुआती मुकाबलों को लेकर यह तय हो चुका है कि ये मुकाबले किस मैदान पर खेले जाएंगे। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, विश्व कप का पहला और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। बता दें कि इसी मैदान पर 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भी खेला गया था।

अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम काफी बड़ा है, जिसकी वजह से इसे अक्सर बड़े इवेंट्स के लिए चुना जाता है। दर्शकों की क्षमता ज्यादा है और बड़े इवेंट्स आसानी से यहां करवाए जा सकते हैं। आईसीसी फाइनल्स में हमेशा दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिलती है, ऐसे में छोटे मैदान इतनी बड़ी भीड़ को संभाल नहीं सकते। यही कारण है कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम को लगातार ऐसे अवसर दिए जा रहे हैं।

मुंबई को मिल सकती है सेमीफाइनल मुकाबले

एक ताजा अपडेट के मुताबिक, आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले की मेजबानी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम को दी जा सकती है। वर्ल्ड कप की डेट भी लगभग तय हो चुकी है। रिपोर्ट की मानें तो 7 फरवरी से 8 मार्च तक यह टूर्नामेंट खेला जाएगा। वहीं श्रीलंका के मैदानों की बात करें तो इसमें कोलंबो का नाम शामिल है। कोलंबो में T20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले खेले जा सकते हैं। अगर भारत और पाकिस्तान का सेमीफाइनल मुकाबला होता है, तो यह बड़ा मुकाबला भी कोलंबो के मैदान पर ही खेला जाएगा। लेकिन अगर पाकिस्तान या श्रीलंका की टीम सेमीफाइनल में प्रवेश नहीं करती, तो मुकाबला भारत में खेला जा सकता है।

इन मैदानों में हो सकते हैं मुकाबले

बता दें कि भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे, ऐसे में दोनों देशों के कुल सात मैदान चुने जा सकते हैं। श्रीलंका के तीन मैदान इसमें शामिल हो सकते हैं। रिपोर्ट की मानें तो प्रेमदासा स्टेडियम, पल्लेकेले स्टेडियम और डंबुला या हम्बनटोटा में से कोई एक मैदान शामिल हो सकता है। वहीं भारत के लिए चेन्नई, दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता के अलावा इंदौर भी विकल्पों में शामिल हो सकता है। हालांकि अब तक इस टूर्नामेंट के वार्म-अप मुकाबलों को लेकर कोई भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह संभावना जताई जा रही है कि बेंगलुरु को कुछ मुकाबले दिए जा सकते हैं, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि बेंगलुरु इस बार न सिर्फ T20 वर्ल्ड कप, बल्कि आईपीएल के मुकाबले भी खो सकता है।

जल्द हो सकता है शेड्यूल का ऐलान

इस बड़े टूर्नामेंट को लेकर शेड्यूल का ऐलान आईसीसी की ओर से कुछ दिनों में किया जा सकता है। भारत एक बार फिर बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है। हाल ही में बीसीसीआई के कुछ उच्च अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर चर्चा की गई। रिपोर्ट की मानें तो बीसीसीआई, वनडे वर्ल्ड कप 2023 की तुलना में इस बार कम शहरों में मुकाबले आयोजित करवाने की योजना बना रहा है और हर मैदान को लगभग 6 मुकाबले मिलने का अनुमान जताया जा रहा है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews