Hindi News

टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर 8 का पूरा शेड्यूल जारी, जानिए भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से किस तारीख को होगा?

Written by:Rishabh Namdev
Published:
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण का शेड्यूल सामने आ गया है। भारतीय टीम अपना पहला मैच 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी, जबकि अन्य मुकाबले जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से होंगे। इस चरण में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर 8 का पूरा शेड्यूल जारी, जानिए भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से किस तारीख को होगा?

क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। नामीबिया पर जीत के साथ पाकिस्तान के क्वालीफाई करने के बाद सुपर-8 की सभी आठ टीमें तय हो गई हैं। अब गत चैंपियन भारत समेत सभी टीमें अगले चरण की चुनौतियों के लिए तैयार हैं। सुपर-8 के मुकाबले 21 फरवरी से शुरू होकर 1 मार्च तक खेले जाएंगे।

सभी आठ टीमों को चार-चार के दो ग्रुपों में विभाजित किया गया है, जिससे आगे के मुकाबले और भी रोमांचक हो गए हैं। भारतीय टीम को ग्रुप 1 में रखा गया है, जहां उसके सामने कड़ी चुनौतियां होंगी।

सुपर-8 में टीमों के दो ग्रुप

सुपर-8 चरण के लिए टीमों का बंटवारा हो चुका है। ग्रुप 1 में भारत के साथ दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज की टीमें हैं। वहीं, ग्रुप 2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान एक दूसरे से भिड़ेंगे। दोनों ग्रुपों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करेंगी।

ग्रुप 1: भारत, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज

ग्रुप 2: इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान

टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अब तक अजेय रही भारतीय टीम सुपर-8 में अपने अभियान की शुरुआत 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगी। यह एक बड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। इसके बाद टीम इंडिया का दूसरा मैच 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ होगा। भारत अपना आखिरी ग्रुप मैच 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगा, जो ग्रुप सी में टॉप करके सुपर-8 में पहुंची है।

कैसा है सुपर-8 का फॉर्मेट?

सुपर-8 स्टेज में कुल 12 मैच खेले जाएंगे, जो 21 फरवरी से 1 मार्च के बीच आयोजित होंगे। प्रत्येक ग्रुप की टीमें अपने ग्रुप की अन्य तीन टीमों से एक-एक मैच खेलेंगी। दोनों ग्रुपों में टॉप-2 पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे, जबकि वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को होगा। गौरतलब है कि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपने खिताब को बचाने उतरी है और पिछले दो सालों से उसका प्रदर्शन शानदार रहा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews