टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए। कैंडी के पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच का मुख्य आकर्षण साहिबजादा फरहान का ऐतिहासिक शतक और फखर जमान की विस्फोटक पारी रही। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जो उन पर भारी पड़ा।
पाकिस्तान के लिए ओपनिंग करने उतरे साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 176 रनों की विशाल साझेदारी की, जिसने एक बड़े स्कोर की नींव रखी।
फरहान ने रचा इतिहास, गेल को पीछे छोड़ा
साहिबजादा फरहान ने महज 60 गेंदों पर 100 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी सेंचुरी 19वें ओवर की पहली गेंद पर 59 गेंदों में पूरी की। यह इस टूर्नामेंट में उनका दूसरा शतक है। इसी के साथ वे एक ही टी-20 वर्ल्ड कप संस्करण में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
इससे पहले क्रिस गेल ने टी-20 वर्ल्ड कप में दो शतक लगाए थे, लेकिन उनके दोनों शतक दो अलग-अलग संस्करणों में आए थे। फरहान ने यह कारनामा एक ही टूर्नामेंट में करके एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
फखर जमान का अर्धशतक, फिर लड़खड़ाई पारी
फरहान का बखूबी साथ निभा रहे फखर जमान भी शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 16वें ओवर में 84 रन बनाकर दुष्मंथा चमीरा की गेंद पर बोल्ड हो गए। उनकी इस पारी ने पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, इस बड़ी साझेदारी के टूटने के बाद पाकिस्तान का मध्यक्रम लड़खड़ा गया।
17वें ओवर में ख्वाजा नाफे सिर्फ 2 रन बनाकर दिलशान मदुशंका का शिकार बने। इसके बाद 18वें ओवर में शादाब खान रन आउट हो गए। 19वें ओवर में तो हद ही हो गई जब दसुन शनाका की गेंदों पर मोहम्मद नवाज और कप्तान सलमान अली आगा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, फखर जमान, सलमान अली आगा (कप्तान), ख्वाजा नाफे, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद और उस्मान तारिक।
श्रीलंका: पथुम निसांका, कामिल मिशारा (विकेटकीपर), चरिथ असलंका, पवन रत्नायके, कामिंडु मेंडिस, दसुन शनाका (कप्तान), जनिथ लियानागे, दुनिथ वेल्लालागे, महीश तीक्षणा, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका।






