टी20 वर्ल्ड कप में नॉकआउट की जंग तेज हो गई है। सुपर-8 स्टेज का दूसरा अहम मुकाबला आज श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। दोनों ही टीमें ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन कर यहां पहुंची हैं, जहां उन्होंने 4 में से 3-3 मुकाबलों में जीत दर्ज की। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होगा और दोनों टीमों की नजरें जीत के साथ शुरुआत करने पर होंगी।
श्रीलंका ने अपने ग्रुप स्टेज में आयरलैंड, ओमान और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों को हराया था, लेकिन उसे जिम्बाब्वे के खिलाफ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, इंग्लैंड ने नेपाल, स्कॉटलैंड और इटली को मात दी, जबकि उसे वेस्टइंडीज से हार मिली थी।
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
श्रीलंका के लिए इस टूर्नामेंट में अब तक पाथुम निसांका सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे हैं। उन्होंने 4 मुकाबलों में 199 रन बनाए हैं और टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज दुषन हेमंथ ने 6 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई है।
दूसरी ओर, इंग्लैंड की बल्लेबाजी की धुरी जैकब बेथेल रहे हैं। बेथेल ने 4 मैचों में 134.9 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए हैं, जिसमें 55 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। गेंदबाजी में, जोफ्रा आर्चर 6 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं, हालांकि उनकी इकोनॉमी 9.31 की रही है।
पिच और मौसम का हाल
पल्लेकेले की पिच पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को नई गेंद से स्विंग मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, स्पिनर्स का दबदबा देखने को मिल सकता है। यहां टिककर खेलने वाले बल्लेबाज बड़ी पारी खेल सकते हैं। इस मैदान पर 170 रन का स्कोर प्रतिस्पर्धी माना जाता है।
हालांकि, इस मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। कैंडी में रविवार दोपहर को बारिश की 60% से 80% तक की आशंका है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के कारण मैच में रुकावट आ सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI
श्रीलंका: पाथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस, पवन रत्नायके, दासुन शनाका (कप्तान), कामिंडु मेंडिस, दुनिथ वेल्लालागे, दुषन हेमंथ, महीश तीक्षणा, प्रमोद मदुशन, दिलशान मदुशंका।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जैमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद।






