Hindi News

शाहीन अफरीदी और नसीम शाह के खिलाफ कोई अलग तैयारी करने की जरूरत नहीं, IND-PAK मैच से पहले बोले सौरव गांगुली

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भारत और पाकिस्तान की टीम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के इस बड़े टूर्नामेंट में आमने-सामने होने वाली है। इस टूर्नामेंट से पहले बड़े-बड़े दिग्गज अपनी राय रख रहे हैं। इसी कड़ी में भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली ने भी भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बड़ी बात कही है।
शाहीन अफरीदी और नसीम शाह के खिलाफ कोई अलग तैयारी करने की जरूरत नहीं, IND-PAK मैच से पहले बोले सौरव गांगुली

23 फरवरी को चैंपियंस ट्रॉफी के टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। इस दौरान बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान के सामने विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ी होंगे। एक तरफ पाकिस्तान की धमाकेदार गेंदबाजी है, तो दूसरी ओर भारतीय बल्लेबाजों की फॉर्म। हालांकि, देखना बेहद दिलचस्प होगा कि इस मुकाबले में कौन सी टीम बाजी मारती है। आईसीसी टूर्नामेंटों पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा हमेशा से ही भारी रहा है। भारत ने पाकिस्तान को बड़े टूर्नामेंटों में मात दी है। ऐसे में संभावनाएं जताई जा रही हैं कि भारत एक बार फिर इस मैच में पाकिस्तान को हराने में सफल हो सकता है। इसी बीच, पूर्व भारतीय खिलाड़ी सौरव गांगुली ने भी भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अपनी राय दी है।

दरअसल, इस मैच को लेकर सौरव गांगुली का मानना है कि पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली भारतीय टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित होंगे। वह टीम के सबसे मजबूत स्तंभ होंगे। इसके साथ ही उनका मानना है कि विराट कोहली के अलावा रोहित शर्मा की भूमिका भी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में बेहद अहम होगी।

जानिए क्या बोले सौरव गांगुली

भारत-पाकिस्तान के मैच को लेकर सौरव गांगुली ने कहा, “विराट कोहली इस समय शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं, इसमें कोई शक नहीं है। पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली और रोहित शर्मा हमेशा से ही सफल खिलाड़ी रहे हैं, और वे इस मैच में भी अहम साबित होंगे। इस समय भारतीय कप्तान रोहित शर्मा बेहतरीन फॉर्म में हैं, और मुझे भरोसा है कि भारतीय टीम इस मैच में शानदार प्रदर्शन करेगी।” इस दौरान सौरव गांगुली ने पाकिस्तान की गेंदबाजी की भी तारीफ की, लेकिन उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को शाहीन अफरीदी और नसीम शाह के खिलाफ कोई अलग तैयारी करने की जरूरत नहीं है। भारतीय बल्लेबाज वर्ल्ड क्लास हैं और उन्होंने हमेशा बेहतरीन तेज गेंदबाजों का सामना किया है।

भारत और पाकिस्तान की टीमें 23 फरवरी को आमने-सामने होंगी

जानकारी के लिए बता दें कि भारत और पाकिस्तान की टीमें 23 फरवरी को दुबई के इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमें चैंपियंस ट्रॉफी के इस बड़े टूर्नामेंट में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। हालांकि, भारत इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी का एक और मुकाबला खेलेगा। भारत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगा, जिसके बाद दूसरा मुकाबला पाकिस्तान की टीम से होगा। भारतीय टीम ने इसके लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भारतीय बल्लेबाज दुबई के स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस में जमकर पसीना बहा रहे हैं। भारत को पाकिस्तान और बांग्लादेश के बाद 2 मार्च को न्यूजीलैंड की टीम से भिड़ना होगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews