इस समय वनडे हो, टी20 या फिर टेस्ट क्रिकेट ट्रेविस हेड तीनों ही फॉर्मेट में कमाल के खिलाड़ी हैं और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अब ट्रेविस हेड ने वनडे क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। दरअसल, ट्रेविस हेड वनडे करियर में 3000 रन के आंकड़े तक पहुंच गए हैं और उन्होंने इस मामले में स्टीव स्मिथ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से पारी की शुरुआत करने आए ट्रेविस हेड ने भारत के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में 25 गेंदों पर 29 रन बनाए। अपनी पारी में ट्रेविस हेड ने 6 शानदार चौके जड़े।
ट्रेविस हेड और मिशेल मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई, जिसने ऑस्ट्रेलिया की टीम को शानदार शुरुआत दी। खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 30 ओवर के खेल तक 158 रन बना लिए थे और अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए थे।
सबसे तेज 3000 रन का रिकॉर्ड
इस मुकाबले में ट्रेविस हेड ने आक्रामक रुख अपनाया था, लेकिन मोहम्मद सिराज के ओवर में वह अपना विकेट गंवा बैठे। हालांकि, इस मुकाबले के दौरान उन्होंने वनडे में 3000 रन के आंकड़े को छू लिया। दरअसल, ट्रेविस हेड ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्टीव स्मिथ के नाम था। स्टीव स्मिथ ने 79 पारियों में 3000 वनडे रन बनाए थे, जबकि ट्रेविस हेड ने मात्र 76 पारियों में यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया। हालांकि, स्मिथ अब वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन ट्रेविस हेड का करियर अभी काफी बाकी है और वे आगे भी कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर सकते हैं।
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड हाशिम अमला के नाम है। साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला ने 3000 रन मात्र 57 पारियों में बनाए थे। भारत की ओर से यह रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम दर्ज है। शिखर धवन ने मात्र 72 पारियों में 3000 वनडे रन पूरे किए थे, हालांकि अब शिखर धवन भी वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
भारत के लिए महत्वपूर्ण आज का मैच
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस समय वनडे सीरीज खेली जा रही है, जिसके दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और तीसरा मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। पिछले दोनों मुकाबले ऑस्ट्रेलिया की टीम के नाम रहे थे। वहीं, तीसरे मुकाबले में भी ऑस्ट्रेलिया ने शानदार शुरुआत की है। भारतीय टीम इस सीरीज में अपना सम्मान बचाने के लिए मैदान पर उतरी है। पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरे मुकाबले में 2 विकेट से जीत हासिल की थी, जिसके चलते सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की टीम 2-0 से आगे चल रही है।






