ट्राई नेशन सीरीज के एक मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के खिलाड़ी विशेन हलाम्बागे के बीच बड़ा विवाद देखने को मिला था। दरअसल इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में जीत दर्ज की थी। मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ियों के मैदान से लौटने के दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलाम्बागे और भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। घटना के बाद मैच अधिकारियों ने पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की और इसके आधार पर कार्रवाई की गई है।
दरअसल क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मैच रेफरी प्रदीप जयप्रकाश ने मामले की समीक्षा के बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ी विशेन हलाम्बागे पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। बताया गया कि उन्होंने मैच समाप्त होने के बाद वैभव सूर्यवंशी को उकसाने की कोशिश की थी। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ गया। हालांकि इस मामले में वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ किसी आधिकारिक सजा की पुष्टि नहीं हुई है।
दोनों खिलाड़ी में क्यों हुआ विवाद?
दरअसल मैच के बाद हुई इस घटना ने सीरीज का ध्यान खेल से हटाकर खिलाड़ियों के व्यवहार पर केंद्रित कर दिया। जानकारी के अनुसार जब भारतीय खिलाड़ी मैदान से बाहर जा रहे थे, तभी विशेन हलाम्बागे और वैभव सूर्यवंशी के बीच कहासुनी शुरू हुई। कुछ ही देर में दोनों आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वहीं मौके पर मौजूद खिलाड़ियों और अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
विकेटकीपर निरोशन डिकवेला पर भी हुई कार्रवाई
इसके साथ ही रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि श्रीलंका ए के विकेटकीपर निरोशन डिकवेला भी उस समय वहां मौजूद थे। डिकवेला खिलाड़ियों को अलग करने और स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे थे। इसके बावजूद उनके खिलाफ भी जुर्माना लगाया गया है। हालांकि उन्होंने कौन सा नियम तोड़ा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस पूरे मामले में कोई सार्वजनिक सुनवाई नहीं हुई और ग्राउंड अंपायर की रिपोर्ट के आधार पर फैसला लिया गया है।
वहीं इस विवाद के बीच ट्राई नेशन सीरीज का मुकाबला भी बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। सुपर ओवर में मिली हार के बाद इंडिया ए की राह मुश्किल हो गई है। टीम का अगला मुकाबला अफगानिस्तान ए के खिलाफ है, जो उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि अफगानिस्तान ए यह मुकाबला जीतती है तो इंडिया ए फाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगी। ऐसे में भारतीय टीम के लिए अगला मैच करो या मरो की स्थिति जैसा है।






