पिछले कुछ समय से विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर चर्चाएं देखने को मिली है। दरअसल सभी फैंस के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या दोनों दिग्गज खिलाड़ी 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे? हालांकि अब इसे लेकर विराट कोहली ने साफ कर दिया है। 37 वर्षीय विराट कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने 2024 में टी-20 इंटरनेशनल और 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वहीं अब उनकी नजर 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर है जिसकी मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। कोहली का कहना है कि यह टूर्नामेंट उनके करियर का आखिरी वर्ल्ड कप होगा और वह इसे यादगार बनाना चाहते हैं।
दरअसल कोहली ने कहा है कि उनका लक्ष्य सिर्फ अच्छा प्रदर्शन करना नहीं बल्कि भारत को खिताब दिलाना है। उन्होंने कहा कि मैदान पर हर मैच में अपना पूरा योगदान देना चाहते हैं और टीम के लिए हर चुनौती का सामना करने को तैयार हैं। उनका बयान ऐसे समय आया है जब टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से अपने अगले विश्व कप अभियान की शुरुआत कर रही है।
ये भी पढ़ें
विराट कोहली ने क्या कहा?
बता दें कि विराट कोहली अब तक चार वनडे वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। वह 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इसके बाद 2015, 2019 और 2023 में भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया। 2023 में भारत फाइनल तक पहुंचा लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के कारण खिताब नहीं जीत सका।
वहीं अब कोहली ने कहा कि 50 ओवर का क्रिकेट मानसिक और शारीरिक दोनों तरह से कठिन होता है। उनके मुताबिक एक वनडे मुकाबले में खिलाड़ी को लगभग ढाई टी-20 मैच जितनी मेहनत करनी पड़ती है। 2027 का टूर्नामेंट अलग-अलग देशों और परिस्थितियों में खेला जाएगा इसलिए लगातार यात्रा और बदलती पिचों के बीच खुद को फिट रखना भी बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में एक जैसी लय बनाए रखना ही सबसे बड़ी परीक्षा होगी। वनडे वर्ल्ड कप में कोहली का रिकॉर्ड भी उनकी लगातार सफलता की कहानी बताता है। उन्होंने 37 मुकाबलों में 1,795 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं। वनडे क्रिकेट में उनके 54 शतक पहले ही उन्हें इस फॉर्मेट का सबसे सफल शतकवीर बना चुके हैं।
टीम इंडिया की नई तैयारी
दरअसल भारत का अगला वनडे अभियान वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज से शुरू होगा। पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम, दूसरा 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम इस साल न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे और श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे मुकाबले भी खेलेगी। वहीं सीरीज से पहले तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों नेट्स पर उतरे। दोनों को बल्लेबाजी करते देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे। कोहली ने स्पिन और तेज गेंदबाजों दोनों के खिलाफ अभ्यास किया, जबकि रोहित ने लगभग आधे घंटे तक नेट्स में बल्लेबाजी की।