Hindi News

जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान में कर दिया उलटफेर, कप्तान सिकंदर रजा के शानदार प्रदर्शन से 67 रनों से जीता टी20 मैच

Written by:Rishabh Namdev
Last Updated:
पाकिस्तान, जिम्बाब्वे और श्रीलंका के बीच खेली जा रही ट्राई सीरीज में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। दरअसल जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को 67 रनों से हराकर सभी को हैरान कर दिया है और इस सीरीज में नया मोड़ आ गया है। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया है।
जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान में कर दिया उलटफेर, कप्तान सिकंदर रजा के शानदार प्रदर्शन से 67 रनों से जीता टी20 मैच

इस समय पाकिस्तान में एक बड़ी क्रिकेट सीरीज खेली जा रही है। बता दें कि जिम्बाब्वे, श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच ट्राई सीरीज खेली जा रही है। वहीं इस सीरीज के मुकाबले में जिंबाब्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए श्रीलंका को 67 रनों से हरा दिया है। इस ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 162 रन बनाए थे जिसे श्रीलंका की टीम हासिल नहीं कर पाई और मात्र 95 रनों पर ढेर हो गई। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 रनों की पारी खेलने के साथ एक विकेट भी हासिल किया है। इसके चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

हालांकि ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे ने शानदार वापसी की है और श्रीलंका को करारी मात दी है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही क्षेत्रों में जिम्बाब्वे की टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है।

मुकाबले पर नजर डालें

मुकाबले पर नजर डाली जाए तो श्रीलंका की टीम ने पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय किया था। जिम्बाब्वे की टीम ने 20 ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 162 रन बनाए। टीम की ओर से ब्रायन बेनेट ने 50 रनों की शानदार पारी खेली, तो वहीं कप्तान सिकंदर रजा के बल्ले से 32 गेंदों में 47 रनों की पारी निकली। हालांकि टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया, लेकिन सभी बल्लेबाजों के योगदान से टीम 162 के स्कोर तक पहुंच गई और श्रीलंका की टीम को 163 रनों का लक्ष्य दिया गया। श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा विकेट वानिंदू हसरंगा ने लिए। हसरंगा ने तीन विकेट अपने नाम किए।

श्रीलंका मात्र 95 रनों पर ढेर हुई

वहीं, 163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही। मात्र एक रन के स्कोर पर टीम ने अपना पहला विकेट गंवा दिया। दरअसल, पथुम निसांका जीरो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं 6 रन के स्कोर पर टीम ने दूसरा विकेट भी गंवा दिया। कुसल मेंडिस भी 6 रन बनाकर आउट हो गए। टीम का कोई भी बल्लेबाज संभाल नहीं पाया। कुसल परेरा 4 रन और भानुका राजपक्षे 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि कप्तान दासुन शनाका ने 34 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। उन्हें किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। कमिंडू मेंडिस भी 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वानिंदू हसरंगा 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे। श्रीलंका की पूरी टीम मात्र 95 रनों पर ढेर हो गई। जिंबाब्वे की ओर से सबसे ज्यादा विकेट ब्रैड इवांस ने अपने नाम किए। ब्रैड इवांस ने तीन शानदार सफलताएं हासिल कीं। अब पॉइंट्स टेबल में जिम्बाब्वे की टीम पहले स्थान पर पहुंच गई है, दूसरे पर पाकिस्तान और तीसरे पर श्रीलंका की टीम मौजूद है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews