उज्जैन जिले के अंतर्गत आने वाले सभी इलाकों में अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस द्वारा रात 10 बजे बाजार बंद कराया जा रहा है। नागदा में भी पुलिस का गुंडा अभियान देखने को मिला था जिसके तहत सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान रात 10 बजे बंद कराए जा रहे थे।
पुलिस द्वारा की जा रही इस कार्रवाई का असर सबसे ज्यादा छोटे व्यापारियों पर देखने को मिल रहा था। इसका विरोध भी किया गया था। जिसके बाद अब नागदा के बाजार 10 बजे की जगह 11 बजे से बंद होना शुरू होंगे और 11:30 बजे तक पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे।
विरोध के बाद बदला फैसला
पुलिस ने कुछ दिनों पहले गुंडा अभियान के तहत रात 10 बजे अचानक मार्केट में पहुंचकर दुकानें बंद करवा दी थी। इस कार्रवाई से व्यापारी और शहरवासी हैरान हो गए थे। वहीं कारण सामने आने के बाद नाराजगी भी देखने को मिली थी। लगातार बना रही विरोध की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बाजार बंद करने के समय में बदलाव किया है।
अब क्या रहेगा समय
इस बारे में जानकारी देते हुए नागदा थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया है कि पहले 10 बजे तक बाजार बंद करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन अब दुकानें रात 11 बजे से बंद होना शुरू होगी और 11:30 बजे बाजार पूरी तरह से बंद हो जाएगा। डेढ़ घंटा अधिक समय मिलने से दुकानदार अपना व्यापार कुछ देर और कर सकेंगे।
कांग्रेस ने किया था विरोध
जब पुलिस द्वारा 10 बजे बाजार बंद करवाया जा रहा था तो दुकानदारों और नागरिकों के अलावा सबसे ज्यादा विरोध कांग्रेस के नेताओं का देखने को मिला था। सभी का यह कहना था कि अगर बाजार इस समय पर बंद किया जा रहा है, तो शराब की दुकान देर रात तक क्यों खुली रहती है। नियम सभी के लिए एक तरह के होने चाहिए। इसी के चलते ये फैसला लिया गया है।


