5 सितंबर का दिन उज्जैन में आम दिनों से थोड़ा अलग रहने वाला है। दरअसल, आज शहर के सभी 54 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाने वाला है। आमतौर पर सफाई कर्मचारी क्षेत्र की साफ सफाई का ध्यान रखते हैं। लेकिन इस बार स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, संस्थान और समितियां स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनने वाली हैं।
गोगा नवमी के दिन वैसे भी सफाई मित्रों का अवकाश रहता है। ऐसे में नागरिकों को अपने वार्ड, मोहल्ले, क्षेत्र और शहर की सफाई में सक्रिय भूमिका निभाने का मौका मिलेगा। इस अभियान में स्थानीय नागरिकों के साथ मोहल्ला समिति, व्यापारी संघ, स्कूल कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, सामाजिक और स्वयंसेवी संस्था, पार्षद और जनप्रतिनिधि मिलकर प्रमुख स्थान और धार्मिक स्थानों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
सभी वार्डों में चलेगा सफाई अभियान
सफाई अभियान के अंतर्गत शहर के सभी वार्डों की स्वच्छता का ध्यान रखा जाने वाला है। सार्वजनिक स्थानों से लेकर धार्मिक स्थानों तक साफ सफाई की जाएगी। इसमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टावर चौक और धार्मिक स्थल शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग स्थान पर मौजूद उद्यानों की सफाई भी की जाएगी। नागरिक सफाई के इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए शहर की स्वच्छता में योगदान देंगे।
“गोगा नवमी”
सफाई मित्रों के सम्मान,हम उतरे मैदान में
जन भागीदारी से स्वच्छता कार्यक्रम
इस दिन शहर की सफाई की जिम्मेदारी हम सबकी होगी।
आम नागरिक, मार्केट एसोसिएशन, रेजिडेंशियल एसोसिएशन, पार्क एवं अनेक संस्थाओं की सहभागिता होगी।हम सब मिलकर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ उज्जैन बनाएँ pic.twitter.com/B3dxTcjE7H
— Ujjain Municipal Corporation (UMC) (@ujjainumc) September 4, 2026
जागरूकता के लिए अभियान
बता दें कि जन जागरूकता के उद्देश्य से इस अभियान को आयोजित किया जा रहा है। ताकि लोगों के बीच यह जागरूकता लाई जा सके कि हमारे घर और आसपास के क्षेत्र की सफाई केवल स्वच्छता मित्रों के जिम्मे नहीं है बल्कि गली, मोहल्ले, सड़कों, सार्वजनिक स्थान और धार्मिक स्थलों को साफ रखना हर व्यक्ति की स्वयं की जिम्मेदारी भी है।
अधिकारियों को निर्देश जारी
इस अभियान को लेकर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा की ओर से सभी आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त, कार्यपालन यंत्री, स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वास्थ्य निरीक्षकों और नोडल एजेंसियों के प्रतिनिधियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस आयोजन को जन भागीदारी का रूप देने के लिए सभी वार्डों के पार्षद और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान चलाने को कहा गया है। इस अभियान की खास बात यह है कि नागरिक इससे जुड़कर सोशल मीडिया पर फोटो और रील शेयर कर सकते हैं।






