उज्जैन पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को रात तांबे के स्क्रैप से भरे हुए पांच लोडिंग वाहन बरामद किए हैं। इन वाहनों की जांच करने पर इनमें 11 टन तांबे का स्क्रैप मिला है। जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
इतनी भारी मात्रा में स्क्रैप जब्त करते हुए पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया है। ये सभी इंदौर के बताए जा रहे हैं। जब्त किए गए वाहनों की कीमत 25 से 30 लाख बताई जा रही है। यह पूरी कार्रवाई रणकेश्वर मंदिर के पास ब्रिज के नीचे की गई है।
ये भी पढ़ें
पांच लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस स्क्रैप को लेकर जा रहे 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 44 वर्षीय मोहनलाल सोलंकी, 43 वर्षीय शंकर झाला, 55 वर्षीय रामकिशन पंवार, 27 वर्षीय राहुल चौहान और 22 वर्षीय विनायक राठौर शामिल है।
पुलिस कर रही जांच
स्क्रैप बरामद करने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं। जिसके कारण चोरी का माल होने की संदेह में जब्त किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि वह पहली बार इस तरह का स्क्रैप लेकर उज्जैन आए थे। इसे इंदौर से लोड किया गया था। ये भी बताया कि उनके साथ मोहसिन नाम का एक व्यक्ति था जो पुलिस की कार्रवाई के दौरान भाग गया।
व्यापारी ने की शिकायत
SP प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीथमपुर के व्यापारी ने यह सूचना दी थी कि उनकी फैक्ट्री से निकलने वाला स्क्रैप उज्जैन में खाली किया गया है। व्यापारी की शिकायत के बाद तुरंत ही कार्रवाई की गई और 5 वाहनों को पकड़ा गया। कंपनी मालिक ने आशंका जताई है कि इस तरह से स्क्रैप की चोरी अप्रैल के महीने से की जा रही है। अब इस बारे में जांच चल रही है कि आखिरकार कौन कौन इसमें शामिल है।
जारी है पुलिस कार्रवाई
अब इन पांच आरोपियों को लोडिंग वाहन सहित गिरफ्तार करने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। जानकारी के मुताबिक उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। यहां से पुलिस रिमांड पर लेकर इनसे पूछताछ की जाएगी। व्यापारी की शिकायत के मुताबिक अप्रैल से लेकर अब तक कितना स्क्रैप गायब हुआ है। इसे कौन बाहर निकालता था और माल कहां बेचा गया है। इन सारे मुद्दों पर जानकारी जुटाई जाएगी। अगर जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके नाम प्रकरण में जोड़कर गिरफ्तारी की जाएगी।
