धार्मिक नगरी उज्जैन के मोहन नगर इलाके में एक बेहद निराश करने वाली घटना सामने आई है। यहां स्थित श्रीकृष्ण सरल उद्यान में लगी स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने गंदा कर दिया। अज्ञात व्यक्ति ने प्रतिमा के चेहरे पर चूना और कीचड़ पोत दिया। बुधवार की सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर इस पर पड़ी, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
5 महीने पहले भी हुई थी ऐसी घटना
स्थानीय लोगों और पार्षद के मुताबिक, इस पार्क में सुरक्षा का कोई ठोस इंतजाम नहीं है। करीब 5-साढ़े 5 महीने पहले जब पहली बार प्रतिमा को निशाना बनाया गया था, तब चिमनगंज मंडी पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी गई थी। उस वक्त नगर निगम के बड़े अधिकारियों से लेकर पुलिस प्रशासन तक से मांग की गई थी कि पार्क में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि ऐसी वारदातों पर रोक लग सके।
ये भी पढ़ें
8 साल पहले लगी थी प्रतिमा
उज्जैन नगर निगम ने करीब 7 से 8 साल पहले श्रीकृष्ण सरल उद्यान का सौंदर्यकरण कराते हुए स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की थी। पार्क में रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घूमने आते हैं। बार-बार महापुरुषों की प्रतिमा का इस तरह अनादर होने से स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि नगर निगम पार्क की देखभाल सही तरीके से नहीं कर रहा है।
सीसीटीवी लगाने और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की उठी मांग
अब क्षेत्र के लोग पार्क में तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग पर अड़े हुए हैं। नागरिकों का कहना है कि जब तक पार्क में कैमरे नहीं लगेंगे, तब तक इस तरह की हरकतों को रोक पाना नामुमकिन होगा। उन्होंने मांग की है कि आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर उस सिरफिरे शख्स की पहचान की जाए, जिसने यह घिनौनी हरकत की है और उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
