श्रावण के महीने में उज्जैन में श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। वहीं जो स्थानीय रहवासी हैं, वह भी सवारी देखने या फिर मंदिरों में दर्शन करने के लिए जरूर जाते हैं। इन्हीं लोगों को निशाना बनाने की योजना बना रहे 3 अंतर्राज्यीय गिरोह पर महाकाल थाना पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस ने अलग-अलग स्थान पर दबिश देकर चोरी की योजना बना रहे तीन गिरोह के 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में इन लोगों के पास से चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और हथियार भी बरामद किए गए हैं।
औजार और हथियार किए बरामद
गिरफ्तार किए गए आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने चाकू, लोहे के पाइप, धारदार बक्का, पेचकस, लाठियां और चाबी के गुच्छे बरामद किए हैं। ये आरोपित राजस्थान के भरतपुर, हरियाणा के फरीदाबाद, पलवल, पंजाब के भटिंडा, मध्य प्रदेश के भोपाल, मुरैना, कोटा और कोटपूतली के निवासी हैं। इन आरोपितों में राजस्थान के भरतपुर की कुख्यात लेडी गैंग की महिलाएं भी शामिल हैं। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने महाकाल सवारी के दौरान श्रद्धालुओं के पर्स, मोबाइल और चेन चोरी करने की वारदात स्वीकार की है।
तीन गिरोह गिरफ्तार
महाकाल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं नृसिंह घाट कॉलोनी और गोंड बस्ती क्षेत्र में सूने मकानों की रेकी कर चोरी करने की नीयत से घूम रही हैं। इस पर घेराबंदी कर 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। ये सभी इकरन जिला भरतपुर राजस्थान की निवासी हैं। वहीं एक महिला छोटी मुरैना की है।
दूसरे गिरोह को पुलिस ने स्मार्ट पार्किंग क्षेत्र के पास दबिश देकर पकड़ा है। ये सभी राजस्थान, पंजाब और मध्य प्रदेश के अलग अलग इलाकों के रहने वाले हैं। पूछताह के दौरान आरोपितों ने सवारी के दौरान चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।
एक अन्य कार्रवाई के दौरान हरियाणा और फरीदाबाद सहित पलवल के 7 आरोपितों को चोरी की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से लोहे के सरिये, पाइप, धारदार चाकू, चाबियां बरामद की गई है।
उज्जैन में महाकाल थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई। चोरी की वारदातों की योजना बना रहे तीन अंतर्राज्यीय गिरोहों के 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में हथियार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। pic.twitter.com/O5z8qzceap
— SP UJJAIN (@sp_ujjain) August 4, 2026
चल रही है पूछताछ
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपितों से पुलिस की पूछताछ लगातार जारी है। इस दौरान अन्य राज्यों में चोरी, चैन स्नेचिंग और जेबतराशी की वारदातों सहित कई अन्य घटनाओं का खुलासा हो सकता है।






