उज्जैन में नशे के खिलाफ जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। उज्जैन पुलिस के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं के साथ पुलिस, नगर निगम और शासकीय विभागों के अधिकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया था। पुलिस नियंत्रण कक्ष से शुरू हुई ये रैली घास मंडी चौराहा, टावर चौक, तीन बत्ती चौराहा, ऑफिसर्स मेस, एलआईसी तिराहा होते हुए पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची।

युवाओं से नशे से दूर रहें की अपील

इस जन जागरूकता रैली में स्कूल के विद्यार्थी अपने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे। जिन पर नशे से दूरी है जरूरी और नशा छोड़ो भविष्य जोड़ो जैसे स्लोगन लिखे हुए थे। इस दौरान स्वस्थ्य युवा, सशक्त भारत जैसे नारे भी लगाए गए। लोगों से नशे से दूर रहने और युवाओं को इसकी लत से बचाने की अपील की गई। इस रैली का आयोजन पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूर 2.0 अभियान के तहत किया गया।

 

जनप्रतिनिधि भी बने हिस्सा

इस जन जागरूकता रैली में नगर निगम सभापति कलावती यादव, महापौर मुकेश टटवाल, विधायक अनिल कालूखेड़ा, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, उज्जैन एसपी सहित जिला पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। पुलिस कंट्रोल रूम से निकली इस रैली का रास्ते में कई स्थानों पर नागरिकों ने स्वागत कर समर्थन किया। रैली के समापन के अवसर पर इसमें शामिल हुए सभी लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए सामूहिक शपथ ली।