MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के गेट खुले, तीन महीने बाद शुरू हुई जंगल सफारी, देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में यदि आप जंगल सफारी का आनंद लेना चाहते हैं तो प्रयास तेज कर दीजिये क्योंकि ये ओपन होते ही फुल होने लगा है ऑनलाइन टिकट बुकिंग लगभग पूरी हो गई है। 
Bandhavgarh Tiger Reserve Jungle Safari

Bandhavgarh Tiger Reserve Jungle Safari

विश्व प्रसिद्ध बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मानसून के बाद एक अक्टूबर से कोर जोन में टाइगर सफारी की शुरुआत हो गई है। सफारी शुरू होते ही देश-विदेश से पर्यटक बाघों और वन्यजीवों के दीदार के लिए बांधवगढ़ पहुंचना शुरू हो गए हैं। पहले दिन 1 अक्टूबर को सुबह से ही पर्यटन वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई और पर्यटकों में जंगल सफारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

टाइगर सफारी के शुभारंभ के अवसर पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बंधवाधीश की पूजा अर्चना के बाद एक मासूम के साथ  फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर सफारी वाहनों को रवाना किया। इस दौरान डिप्टी डायरेक्टर बांधवगढ़ एवं पार्क अमले के अधिकारी-कर्मचारी, गाइड और बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद रहे।

मासूम से कटवाया फीता, पहनाई कैप 

सफारी के पहले दिन देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ ही विदेशों से भी पर्यटक बांधवगढ़ पहुंचे। लखनऊ से आए एक नन्हे पर्यटक का वन विभाग की ओर से विशेष रूप से स्वागत किया गया।  फीता कटवाने के बाद फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने बालक को टोपी और रिंग भेंट कर उसकी खुशी बढ़ाई। नन्हें पर्यटक के चेहरे पर जंगल सफारी को लेकर उत्साह साफ दिखाई दिया।

नौ साल बाद फिर टाइगर रिजर्व पहुंची अमेरिकी पर्यटक 

संयुक्त राज्य अमेरिका से बांधवगढ़ पहुंचीं पर्यटक एमी ने अपने पुराने सफारी अनुभव को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में पहली बार बांधवगढ़ में टाइगर सफारी की थी। उस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध बाघिन डॉटी और उसके शावकों को देखा था। करीब नौ वर्ष बाद मानसून के बाद दोबारा शुरू हुई टाइगर सफारी में शामिल होने के लिए वह फिर बांधवगढ़ पहुंची हैं।

अमेरिका से आई एमी ने कहा यहाँ घर जैसा वातावरण 

उन्होंने बताया कि पुराने अनुभव की यादें आज भी उनके लिए खास हैं और दोबारा बांधवगढ़ आकर वह बेहद उत्साहित हैं, उन्हें यहाँ घर जैसा माहौल लग रहा है। दिल्ली से आए पर्यटक चारु सिंह ने भी बांधवगढ़ के प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों को करीब से देखने को लेकर खुशी जताई। पर्यटकों का कहना है कि बांधवगढ़ में बाघों के साथ-साथ घने जंगल, प्राकृतिक सौंदर्य और अन्य वन्यजीव सफारी को खास बनाते हैं।

पहले दिन सभी 75 सफारी पर्यटकों से फुल 

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के  फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने कहा कि पर्यटकों में खासा उत्साह है पार्क से सभी गेट पर सभी सफारियां फुल हैं मध्य प्रदेश के अलावा यहाँ देश और विदेश के पर्यटक भी पहुंचे हैं , उन्होंने बताया कि  बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में कोर क्षेत्र में सुबह 75 गाड़ियों का जंगल सफारी के लिए प्रवेश होता है एक गाड़ी में 6 पर्यटक जाते हैं, पहले दिन 1 अक्टूबर को सभी सफारी फुल गई। उन्होंने बताया, बांधवगढ़ अब टाइगर के अलावा हाथियों के लिए भी जाना जाता है हाथियों एक बड़े बड़े झुण्ड पर्यटक क्षेत्रों में देखे जा रहे हैं हमारे ट्रेंड गाइड इस विषय में हमेशा सतर्क रहते हैं।

ब्रजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के गेट खुले, तीन महीने बाद शुरू हुई जंगल सफारी, देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक