MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

अनूपपुर में EVM गायब मिलने से सियासी बवाल, कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, निष्पक्ष जांच की मांग, पढ़ें पूरी खबर

अनूपपुर में पुराने EVM वेयरहाउस से 24 मशीनें (8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट) गायब मिलने से हड़कंप मच गया है। मामले पर कांग्रेस ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की है जबकि कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Anuppur News

देश में एक ओर लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर सरकार पर लगातार सवाल उठा रहे हैं और इस मुद्दे को गांव-गांव तक ले जाने की बात कह रहे हैं। तो वहीं, मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से EVM से जुड़ा एक मामला सामने आया है जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहडोल संभाग के अनूपपुर में EVM मशीनों के गायब होने की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर अब जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका और EVM के रखरखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

बता दें कि अनूपपुर में पुराने तहसील कार्यालय के पीछे बने EVM वेयरहाउस से 24 EVM मशीनें गायब मिली हैं। इनमें 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट शामिल हैं। इस मामले में सियासी बवाल शुरू हो गया है। कांग्रेस पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने हाथों में EVM चोर गद्दी छोड़ के बैनर और जुबां पर तीखे सवाल लेकर सरकार को घेरा एवं पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग की

बता दें कि इस मामले में अनूपपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष गुड्डू सिंह चौहान की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि अनूपपुर में EVM को लेकर जो सवाल और शंकाएं सामने आई हैं, उनका जवाब निष्पक्ष जांच के जरिए मिलना चाहिए। लोकतंत्र में जनता के वोट और जनादेश की पवित्रता सर्वोपरि है। गुड्डू सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर चुप नहीं बैठेगी। पार्टी की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और वास्तविकता जनता के सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि जब तक उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं मिलता, कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर निर्वाचन जैसी संवेदनशील सामग्री वेयरहाउस से गायब कैसे हो गई? मामला सामने आने के बाद अनूपपुर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब गायब मशीनों के सीरियल नंबर, रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और वेयरहाउस से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मशीनें आखिरी बार कहां दर्ज थीं और वे कब से गायब हैं।

क्या है पूरा मामला?

अनूपपुर के पुराने तहसील कार्यालय के पीछे बने EVM वेयरहाउस से 24 मशीनें गायब मिलने का मामला सामने आया है। इनमें 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट शामिल बताई जा रही हैं। वहीं, 20 अगस्त को ठेकेदार ने खुले में पड़ी EVM की सूचना तत्कालीन SDM को दी थी। वेयरहाउस की पिछली दीवार टूटी होने से इसी रास्ते से मशीनें बाहर ले जाने की आशंका जताई जा रही है। 21 सितंबर को EVM को नए तहसील कार्यालय में शिफ्ट किया गया था। 24 से 28 सितंबर के बीच सत्यापन में 24 EVM कम मिलीं, हालांकि मशीनें कब और कैसे गायब हुईं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि अनूपपुर में EVM चोरी की खबर ऐसे समय सामने आई है जब मध्य प्रदेश में 29 सितंबर को पंचायत उपचुनाव के तहत 103 पदों पर मतदान हुआ था। इन पदों में 79 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य, 5 जिला पंचायत सदस्य और 4 पंच पद शामिल थे। प्रदेश में पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग पदों पर मतदान कराया गया था। अनूपपुर जिले की बात करें तो चार जनपद पंचायतों में 13 पंच पदों के लिए चुनाव होना था। इनमें 10 पदों पर मतदान हुआ, जबकि 3 पद खाली रह गए। पुष्पराजगढ़ क्षेत्र की बिजौरा वार्ड-3, बेंदी वार्ड-18 और गिरारी वार्ड-10 सीटों पर एक भी नामांकन नहीं आया था। इसी बीच पुराने EVM वेयरहाउस से मशीनों के गायब होने का मामला सामने आया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
अनूपपुर में EVM गायब मिलने से सियासी बवाल, कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, निष्पक्ष जांच की मांग, पढ़ें पूरी खबर - MP Breaking News