भालुओं के पूरे कुनबे ने बढ़ाई बांधवगढ़ की शोभा, माता पिता संग दो शावकों को देख रोमांचित हुए पर्यटक

मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी कर रहे पर्यटकों को एक दुर्लभ दृश्य देखने को मिला। यहां ताला जोन में एक भालू अपने पूरे परिवार के साथ घूमता नजर आया, जिसमें दो शावक भी शामिल थे। इस खूबसूरत नजारे को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे।
भालुओं के पूरे कुनबे ने बढ़ाई बांधवगढ़ की शोभा, माता पिता संग दो शावकों को देख रोमांचित हुए पर्यटक

उमरिया: बाघों की धरती के रूप में मशहूर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में इस बार पर्यटकों का दिल भालू के एक परिवार ने जीत लिया। रिजर्व के ताला जोन में सफारी के दौरान पर्यटकों को एक बेहद दुर्लभ नजारा देखने को मिला, जब एक नर, एक मादा और उनके दो नन्हे शावक एक साथ दिखाई दिए। इस पूरे परिवार को एक साथ देखकर पर्यटक रोमांचित हो गए।

[dgv_vimeo_video id=”1135275858″]

घटना ताला जोन के नाली घाट इलाके की बताई जा रही है। सफारी गाइड के अनुसार, जंगल में घूमते हुए अचानक झाड़ियों से पहले एक मादा भालू बाहर निकली। इसके कुछ ही देर बाद एक नर भालू और फिर पीछे-पीछे दो छोटे शावक भी आ गए। इस अप्रत्याशित दृश्य ने सफारी वाहनों में बैठे पर्यटकों को उत्साह से भर दिया।

पर्यटकों के लिए बना यादगार लम्हा

आमतौर पर पर्यटक बांधवगढ़ में बाघ देखने की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन भालू परिवार का यह नजारा उनके लिए किसी बोनस से कम नहीं था। कई पर्यटकों ने इस खूबसूरत और दिल छू लेने वाले पल को अपने कैमरों में कैद कर लिया। पर्यटकों ने बताया कि बाघों के गढ़ में पूरे भालू परिवार को एक साथ देखना एक अविस्मरणीय अनुभव था।

क्यों खास है यह नजारा?

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बांधवगढ़ में इन दिनों भालुओं की सक्रियता बढ़ी हुई है। इसका मुख्य कारण मानसून के बाद जंगल में कीड़े-मकोड़ों और फलदार झाड़ियों की बहुतायत है, जो भालुओं का पसंदीदा भोजन है। हालांकि, भालू आमतौर पर शर्मीले होते हैं और दिन के समय कम ही दिखाई देते हैं। ऐसे में पूरे परिवार का एक साथ सफारी के रास्ते पर आना एक बेहद खास और दुर्लभ घटना मानी जा रही है। यह दृश्य बांधवगढ़ की समृद्ध जैव विविधता को भी दर्शाता है।

[dgv_vimeo_video id=”1135275990″]

बृजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews