प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान पहुंचे उमरिया, नदी अतिक्रमण पर अपनाया कड़ा रुख, कलेक्टर को सीमांकन कर कार्रवाई का दिया आदेश

उमरिया जिले के दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने उमरार और कथली नदियों में बढ़ते अतिक्रमण पर नाराजगी जताई। उन्होंने कलेक्टर को तत्काल सीमांकन कराकर नदियों को संरक्षित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, उन्होंने जिले में गैस सिलेंडर की कमी को एक अफवाह बताया।
प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान पहुंचे उमरिया, नदी अतिक्रमण पर अपनाया कड़ा रुख, कलेक्टर को सीमांकन कर कार्रवाई का दिया आदेश

उमरिया: जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान जिले की जीवनदायिनी नदियों में बढ़ते अतिक्रमण पर कड़ा रुख अपनाया है। मीडिया द्वारा उमरार और चंदिया की कथली नदी के संरक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री आग बबूला हो गए और उन्होंने तत्काल कलेक्टर को इन नदियों का सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का आदेश दिया।

मंत्री चौहान आज उमरिया में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ जिले में चल रही हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।

नदी अतिक्रमण पर भड़के मंत्री, दिए सख्त निर्देश

बैठक के बाद जब मीडिया ने मंत्री से उमरार और कथली नदियों के सिकुड़ते स्वरूप और बढ़ते अतिक्रमण पर सवाल किया तो वह बेहद नाराज दिखे। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही कलेक्टर को निर्देश दिए। चौहान ने कहा कि नदियों को हर हाल में संरक्षित किया जाएगा और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई होगी।

गौरतलब है कि इन दोनों नदियों के किनारे लगातार अतिक्रमण की खबरें सामने आती रही हैं। सूत्रों का यह भी आरोप है कि राजस्व विभाग की मिलीभगत से ही नदी किनारे की जमीनों पर अतिक्रमण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे नदियों का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है।

गैस सिलेंडर की किल्लत को बताया अफवाह

जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी और लंबी लाइनों की समस्या पर भी प्रभारी मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत होने की बात पूरी तरह से एक भ्रम और अफवाह है, जिसे फैलाया जा रहा है।

“यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि गैस की किल्लत होगी, मगर ऐसा नहीं है और जल्द ही लोड आयेगा। लोग लाइन में लग रहे हैं यह भ्रम के कारण है।”- नागर सिंह चौहान, प्रभारी मंत्री

मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि गैस सिलेंडर का नया लोड जल्द ही जिले में पहुंच जाएगा और आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews