स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने इटावा में जिला सहकारी बैंक में ध्वजारोहण किया और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जमकर घेरा और आरोप लगाया कि बीजेपी ने सत्ता में आने से पहले जो वादे किए थे, उन्हें आज तक पूरा नहीं किया।
शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने जनता से वादा किया था कि हर साल 2 करोड़ नौकरियां दी जाएंगी, सभी के खाते में 15-15 लाख रुपये आएंगे और भ्रष्टाचार व काला धन खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “आज तक कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ। ये सरकार सिर्फ झूठ बोलती है और जनता को धोखा देती है।”
स्मार्ट सिटी वादे पर उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाने का वादा किया गया था, लेकिन ज़मीनी हकीकत यह है कि शहर की सड़कों पर गड्ढे हैं और हर जगह गंदगी फैली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकतर शहरों की हालत बदतर है और सरकार का विकास का दावा केवल कागज़ों तक सीमित है।
PDA से घबराई है बीजेपी
समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान का ज़िक्र करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा इस अभियान से घबराई हुई है। उन्होंने दावा किया कि “भाजपा की तमाम चालबाजियों और बेईमानी के बावजूद हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।”





