दिल्ली में हुए कार धमाके की घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। धमाके के साथ ही वहां खड़ी कई कारों में आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस धमाके में 10 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। वहीं कई लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। एनआईए की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर को अलर्ट पर रखा गया है।
धार्मिक स्थलों पर अलर्ट जारी
दिल्ली धमाके के बाद उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही सभी धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अयोध्या के संकट मोचन और राम मंदिर में चप्पे चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। सभी प्रवेश द्वारों पर चेकिंग की जा रही है। बैरियरों पर तैनात सुरक्षा बलों को विशेष निगरानी और जांच के निर्देश दिए गए हैं।
वाराणसी काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में कोई संदिग्ध हलचल तुरंत पकड़ में आ सके।
वहीं प्रयागराज में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सक्रिय हो गई हैं। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड को तैनात कर दिया गया है। हर यात्री के सामान की जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत एक्शन लिया जा सके।
यूपी में रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट जारी
धार्मिक स्थलों के अलावा राज्य के स्टेशनों पर भी अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस के साथ ATS और IB की टीम भी एक्टिव हो चुकी है। प्रदेश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, आगरा, प्रयागराज, और झांसी में सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी ने ट्रेन में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
सीएम योगी ने पुलिस प्रशासन को दिए निर्देश
दिल्ली में हुए कार धमाके के बाद अब उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से घटना की जानकारी लेने के बाद प्रदेश में सभी पुलिस फोर्स को हाई अलर्ट पर रखते हुए चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फील्ड में मौजूद रहें। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, सार्वजनिक आयोजनों व धार्मिक स्थलों का स्वयं भ्रमण, निरीक्षण और पेट्रोलिंग करें।
इसके साथ साथ मेट्रो/बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल, सिनेमा हॉल और अन्य सार्वजनिक परिवहन व भीड़भाड़ वाले केंद्रों पर सघन सतर्कता बरतने के साथ ये भी कहा गया है कि आम लोगोंं को अनावश्यक असुविधा न हो।
एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह एलएनजेपी अस्पताल पहुंच गए हैं, जहां लाल किला धमाके में घायल लोगों का इलाज चल रहा है। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। धमाका i20 कार में हुआ था और सभी जांच एजेंसियां मौके पर काम कर रही हैं। जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।





