Hindi News

उत्तर प्रदेश फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने पर अखिलेश यादव का बीजेपी पर बड़ा आरोप, 2027 में हराने का किया दावा

Written by:Banshika Sharma
Published:
उत्तर प्रदेश में अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर सीधा हमला किया है। दरअसल उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी हारने पर चुनाव आयोग से हाथ मिला लेती है और जानबूझकर पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों के वोट काटे गए हैं।
उत्तर प्रदेश फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने पर अखिलेश यादव का बीजेपी पर बड़ा आरोप, 2027 में हराने का किया दावा

उत्तर प्रदेश में फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। दरअसल उन्होंने कहा कि जब भाजपा हारने लगती है तो वह चुनाव आयोग से हाथ मिला लेती है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि जिस तरह 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया गया था, उसी तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी उसे पराजित किया जाएगा।

दरअसल राज्य में विशेष समेकित पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही निर्वाचन आयोग ने आज अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। सूची जारी होते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। जयपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग दोनों को निशाने पर लिया।

जानिए अखिलेश यादव ने क्या कहा?

दरअसल अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा जब हारने लगती है तो चुनाव आयोग से हाथ मिला लेती है। इसके बावजूद जिस तरह लोकसभा चुनाव में हराया था, उसी तरह 2027 में भी भाजपा को हराएंगे।” उनका यह बयान आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अपनी हार सुनिश्चित होने पर संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करती है।

फॉर्म-7 को इस साजिश का एक बड़ा हथियार बताया

समाजवादी पार्टी के मुखिया ने मतदाता सूची में धांधली का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विशेष समेकित पुनरीक्षण प्रक्रिया के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के वोट योजनाबद्ध तरीके से काटे गए हैं। अखिलेश यादव के मुताबिक भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर जानबूझकर इन वर्गों के मतदाताओं के नाम सूची से हटाए हैं। उन्होंने फॉर्म-7 को इस साजिश का एक बड़ा हथियार बताया, जिसके माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाने का काम किया गया। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग समाजवादी पार्टी के प्रमुख वोट बैंक के रूप में माना जाता है।

वहीं अखिलेश यादव ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी सबसे पहले उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराएगी और उसके बाद अन्य राज्यों की ओर रुख करेगी। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन किया था, जिससे पार्टी का मनोबल बढ़ा है। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि उनकी इच्छा थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के रूप में राजनीति से विदा लें, लेकिन अब वे राज्यसभा सदस्य के रूप में सेवानिवृत्त होंगे।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews