रायसेन में आयोजित कृषि मेले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार उन्हें मेले में शामिल होने से रोक रही है। भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा था कि वे मेले में जाना चाहते हैं और किसी भी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था पैदा नहीं करेंगे। इसके बावजूद रास्ते में भारी पुलिस बल तैनात कर रोक दिया गया और उन्हें बीच रास्ते से लौटना पड़ा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि “प्रदेश में ‘किसान कल्याण वर्ष’ मनाया जा रहा है लेकिन एक किसान के बेटे को ही कृषि मेले में जाने से रोका जा रहा है। यह सरकार की मंशा और नीतियों पर बड़ा सवाल है।” पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि जब वे रायसेन के लिए रवाना हुए तो उन्हें रोकने के लिए भोपाल में वाटर कैनन के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात मिला। पुलिसकर्मियों से काफी बहस करने के बावजूद उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया।
रायसेन कृषि मेला को लेकर सियासी पारा हाई
जीतू पटवारी ने प्रेस वार्ता में कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से हैं और उनका मन है कि कृषि मेले में जाकर आधुनिक खेती की नई तकनीकें, उन्नत बीज और उपकरण देखें तथा किसानों के बीच उनका प्रचार-प्रसार करें ताकि किसानों की आय बढ़े और उत्पादन में वृद्धि हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ आलोचना करना नहीं, बल्कि सकारात्मक सुझाव देना और नवाचार को बढ़ावा देना भी है।
जीतू पटवारी को कृषि मेला जाने से रोका गया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने पहले ही प्रशासन को पत्र लिखकर मेले में शामिल होने की अनुमति मांगी थी और यह स्पष्ट किया था कि वे अकेले जाकर शांतिपूर्वक तरह से कार्यक्रम में भाग लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मेले में शामिल होने के लिए प्रशासन को पत्र लिखकर अनुमति मांगी थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं चाहते। इसके बावजूद उन्होंने कलेक्टर, अन्य अधिकारियों और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के OSD से भी बात की। आज ADG स्तर से फोन आया और साफ कहा गया कि सरकार नहीं चाहती कि वे मेले में जाएं।
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बीच रास्ते से लौटाया
प्रेस कॉन्फ्रेंस के जीतू पटवारी ने बताया कि आज कांग्रेस कार्यालय से रवाना होने के बाद भोपाल के आनंद नगर में पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान वाटर कैनन के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया और उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक किसान पुत्र को मेले में जाने से रोका जा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि ये अराजकता की स्थिति है।
बता दें कि रायसेन में कृषि मेला केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित हो रहा है जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कई केंद्रीय मंत्री, अधिकारी और देशभर से किसान व विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं।
किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
इस प्रेस कॉन्फ्रेस में जीतू पटवारी ने किसानों के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि वे हाल ही में विदिशा गए थे जहां उन्होंने किसानों से मुलाकात की थी। किसानों ने शिकायत की है कि गेहूं की MSP पर सरकारी खरीदी समय पर नहीं हुई, जिसके कारण लगभग 20 लाख क्विंटल गेहूं 2000 प्रति क्विंटल से भी कम दाम पर बेचना पड़ा। अभी भी मंडियों में गेहूं 2200-2300 प्रति क्विंटल के भाव बिक रहा है जिससे किसानों को औसतन 400-500 प्रति क्विंटल का नुकसान हो रहा है।






