पीएम मोदी के आश्वासन के बावजूद छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान नहीं, अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला

अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर बनी फिल्म को लेकर तंज कसते हुए कहा कि यह फिल्म रिलीज से पहले ही फ्लॉप हो गई।
पीएम मोदी के आश्वासन के बावजूद छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान नहीं, अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आश्वासन के बावजूद छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे किसान परेशान हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि गौशालाओं में गायें सुरक्षित नहीं हैं और वहां चारा, दूध और गोबर बेचकर घोटाले किए जा रहे हैं। मृत गायों को गड्ढे में दफनाया जा रहा है, जबकि नदियों की सफाई के लिए आवंटित बजट भी बर्बाद हो रहा है।

अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर बनी फिल्म को लेकर तंज कसते हुए कहा कि यह फिल्म रिलीज से पहले ही फ्लॉप हो गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या फिल्म में मुकदमे वापस लेने, बुलडोजर या कार पलटने जैसे दृश्य हैं। साथ ही, उन्होंने डिप्टी सीएम के डायलॉग्स पर भी चुटकी ली। अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी नीतियां जनता के हित में नहीं हैं।

विदेश और आर्थिक नीतियों को बताया नाकाम

उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश और आर्थिक नीतियों को भी नाकाम बताया। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी नहीं चाहती कि भारतीय पढ़ाई या नौकरी के लिए अमेरिका जाएं, बल्कि उनकी नीतियां केवल हथियार चलाने वालों को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने दावा किया कि एच1बी वीजा धारकों को तभी राहत मिलेगी, जब बीजेपी की सरकार जाएगी।

जानवरों के हमलों का मुद्दा भी उठाया

अखिलेश यादव ने जंगली जानवरों के हमलों का मुद्दा भी उठाया और वन विभाग के डेटा का हवाला देते हुए बताया कि 2024-25 में 60 लोगों की जान इन हमलों में गई। उन्होंने बिजनौर में 14 दिनों में गुलदार के हमले में तीन बच्चों सहित चार लोगों के मारे जाने का जिक्र किया। अखिलेश ने कहा कि उन्होंने पीड़ितों का इलाज करवाया और आर्थिक मदद दी, लेकिन सरकार इस समस्या पर गंभीर नहीं है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews