उत्तर प्रदेश में स्कूल मर्जर के आदेश के बाद समाजवादी पार्टी ‘पीडीए पाठशाला’ चला रही है। इसको लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि सपा बच्चों को ‘A फॉर अखिलेश’ और ‘D फॉर डिंपल’ जैसे शब्द पढ़ा रही है। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
‘अ’ से अलकायदा बताया
इसी मुद्दे पर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि PDA की पाठशाला ‘अ’ से अलकायदा वाली है। अखिलेश यादव को कोई जानकारी नहीं है, वे बच्चों के दिमाग में गलत विचार भर रहे हैं और उन्हें राजनीति में घसीट रहे हैं। सपा सरकार में बवालियों और आतंकियों के केस वापस लिए गए थे, जबकि हमारी सरकार में कानून-व्यवस्था टाइट है।
अखिलेश का पलटवाल
वहीं, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए स्कूल मर्जर पर योगी सरकार को घेरा। उन्होंने लिखा कि कमी कोष की नहीं, सोच की है। शिक्षा की आदर्श व्यवस्था में 20 छात्रों पर 1 शिक्षक होना चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार हर काम लाभ-हानि की कारोबारी मानसिकता से कर रही है और बजट न होने का हवाला दे रही है।
पीडीए पाठशाला को बताया ढाल
अखिलेश ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री जी आत्मप्रचार के खर्चे को कम कर दें तो बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसे का इंतज़ाम हो जाएगा। शिक्षा आय-व्यय और फायदे-नुकसान की तराजू पर तौली जाने वाली चीज नहीं होती। जब-जब भाजपा सरकार स्कूल बंद करेगी। तब-तब ‘पीडीए पाठशाला’ बच्चों की पढ़ाई के हक के लिए ढाल बन जाएगी।





