लखनऊ: उत्तर प्रदेश में निवेश के माहौल को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ‘निवेश मित्र 3.0’ सिंगल विंडो सिस्टम का शुभारंभ किया। लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल नए पोर्टल को लॉन्च किया गया, बल्कि प्रदेश के उद्यमियों को ₹2,781 करोड़ की सब्सिडी राशि का हस्तांतरण भी किया गया। सीएम योगी ने इस मौके पर कहा कि सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और अनुकूल व्यावसायिक वातावरण के साथ यूपी सरकार निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस कार्यक्रम में निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन, एलओसी और पात्रता प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया गया। साथ ही, उत्तर प्रदेश प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट पॉलिसी-2025 और प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल शेड्स के विकास से जुड़ी नई नीति का भी अनावरण हुआ।

कैसे काम करेगा निवेश मित्र 3.0?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यह नया प्लेटफॉर्म निवेशकों को एक सहज, पारदर्शी और पूर्वानुमानित अनुभव प्रदान करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा, “निवेश मित्र 3.0 के माध्यम से हमने एक ऐसा सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म प्रस्तुत किया है, जो निवेशकों को Seamless, Transparent और Predictable अनुभव प्रदान करता है।”

इस सिस्टम की खासियत यह है कि इसमें 43 से अधिक विभागों की 530 से ज्यादा सेवाओं को एकीकृत कर प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है। इन जटिल सेवाओं को अब 200 से भी कम सेवाओं तक सीमित कर दिया गया है, जिससे उद्यमियों को अब अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

‘यूपी आज निवेश का सबसे पसंदीदा स्थल’

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उत्तर प्रदेश आज देश में उद्यमियों के लिए निवेश का सबसे पसंदीदा स्थल बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पास देश का सबसे बड़ा 75,000 एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है, जो निवेशकों के लिए अपार संभावनाएं खोलता है।

“पूरे देश में उद्यमियों के लिए निवेश का सबसे पसंदीदा स्थल आज उत्तर प्रदेश है। उत्तर प्रदेश को भारत का फूड बास्केट भी कहा जाता है। उत्तर प्रदेश के पास देश की कुल कृषि योग्य भूमि का केवल 11% है, लेकिन खाद्यान्न उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी 21% है।”- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश

उद्यमी अर्थव्यवस्था की रीढ़

सीएम योगी ने उद्यमियों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि जब कोई उद्योग स्थापित होता है, तो वह न सिर्फ निवेश लाता है, बल्कि उस क्षेत्र में कनेक्टिविटी को मजबूत करता है और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करता है। सरकार की नीतियां उद्यमियों को हर संभव मदद देने के लिए तैयार की गई हैं।