समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने रविवार को केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला बोला। जालौन के उरई में एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने पहुंचीं डिंपल ने महंगाई, गैस सिलेंडर की किल्लत और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार लोगों को सिर्फ लाइनों में लगाना जानती है, चाहे वह नोटबंदी हो या अब गैस सिलेंडर।
मैनपुरी सांसद ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के बाद अपने संबोधन में कहा कि शादी-ब्याह के मौसम में गैस सिलेंडर की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, लेकिन लोगों को इसके लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही सब कुछ सामान्य होने का दावा करे, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है, जहां सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतें आम आदमी को परेशान कर रही हैं।
‘पहले खाद, अब सिलेंडर के लिए भटक रही जनता’
डिंपल यादव ने सरकार की असंवेदनशीलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब जनता को इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
“नोटबंदी के समय लोग घंटों कतारों में लगे, कोविड काल में भी भारी परेशानियां झेलीं और अब गैस सिलेंडर के लिए भी लोगों को धक्के खाने पड़ रहे हैं।” — डिंपल यादव, सांसद
उन्होंने मौजूदा स्थिति की तुलना किसानों की समस्याओं से करते हुए कहा, “पहले किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ता था और अब वही स्थिति गैस सिलेंडर को लेकर बन गई है। प्रदेश में महंगाई चरम पर है और आम आदमी की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।”
भ्रष्टाचार और बेरोजगारी पर भी साधा निशाना
सपा सांसद ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तहसील से लेकर थानों तक भ्रष्टाचार बढ़ गया है और भाजपा सरकार में जमीन पर कब्जा करने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
युवाओं के भविष्य पर चिंता जताते हुए डिंपल ने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियां नहीं निकल रही हैं, जिससे युवाओं को आरक्षण का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने पर भी सवाल उठाए और शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया। इस दौरान उन्होंने कांशीराम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी थी।
PDA की सरकार बनाने का किया दावा
डिंपल यादव ने 2024 के लोकसभा चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज ने समाजवादी पार्टी को बड़ी सफलता दिलाई है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी, क्योंकि आज हर समाज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।






