राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में हैं , उन्होंने आज यहाँ लोधवारी, राही में महाबली वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण किया। राहुल गांधी ने इस अवसर पर एक सभा को भी संबोधित किया, उनके निशाने पर BJP, RSS, पीएम मोदी और अमित शाह थे, उन्होंने देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को गद्दार तक कह दिया।
राहुल गांधी के हाथ में हमेशा की तरह संविधान की छोटी से लाल रंग की किताब थी, जिसे दिखाते हुए राहुल ने कहा वीरा पासी, अंबेडकर ने कहा था कि हिंदुस्तान में हर नागरिक एक समान है, सभी को समान अधिकार मिलने चाहिए। ये देश सबका है, किसी एक जाति या संगठन का नहीं है। यही बात देश का संविधान भी कहता है। संविधान में हिंदुस्तान के लोगों की आवाज है। संविधान की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।
राहुल गांधी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाये मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाये, उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा- जब भी BJP-RSS के लोग आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें तो आप उनसे खुलकर कहिए, नरेंद्र मोदी-अमित शाह गद्दार हैं। BJP-RSS गद्दार हैं, क्योंकि आप लोगों ने मिलकर देश को बेचने का काम किया है। BJP-RSS ने संविधान पर, वीरा पासी, महात्मा गांधी और अंबेडकर पर हमला किया है।
राहुल गांधी ने कहा संविधान कोई मामूली किताब नहीं है- इसकी विचारधारा बाबा साहेब अंबेडकर , महात्मा गांधी , वीरा पासी के खून में थी। RSS और उसकी विचारधारा बाबा साहेब के संविधान को रौंदती है, उसके चीथड़े उड़ाती है। इसलिए बहुत जरूरी है कि हम बाबा साहेब की मूर्ति के सामने माथा टेकने के साथ ही उनके संविधान की रक्षा के लिए भी खड़े रहें।
PM Modi की विदेश यात्रा पर राहुल गांधी का तंज
प्रधानमंत्री की हालिया अपील पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा, नरेंद्र मोदी जनता से कहते हैं सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, इलेक्ट्रिक गाड़ी में चलो और ये सब कहने के तुरंत बाद नरेंद्र मोदी हजारों-करोड़ के जहाज में बैठकर विदेश चले जाते हैं और जनता चुपचाप देखती रहती है। जबकि देश में आर्थिक तूफान आने वाला है। भीषण महंगाई होगी, हर चीज के दाम बढ़ेंगे और खाद की कमी हो जाएगी।
पीएम मोदी अंबानी-अडानी को देश बेच रहे हैं
राहुल गांधी ने भड़कते हुए कहा नरेंद्र मोदी वोट चोरी करवाते हैं, मनरेगा को खत्म करते हैं, जातिगत जनगणना नहीं करवाते, अंबानी-अडानी को देश बेच रहे हैं, ऐसा कर वे देश के संविधान पर हमला कर रहे हैं। इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि हम संविधान के साथ वीरा पासी के विचारों की रक्षा करें।
नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने पब्लिक सेक्टर, स्वतंत्र मीडिया तबाह कर दिया
राहुल बोले- संविधान कहता है पब्लिक सेक्टर होना चाहिए आरक्षण होना चाहिए, लोगों के साथ न्याय होना चाहिए, स्वतंत्र मीडिया होना चाहिए, लेकिन ये सब नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने तबाह कर दिया। पब्लिक सेक्टर को प्राइवेटाइज कर दिया। मनरेगा को ख़त्म कर दिया, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में RSS के लोगों को बैठा दिया, जिन्हें कुछ नहीं आता। संविधान कहता है- हर नागरिक को वोट का अधिकार होना चाहिए, लेकिन नरेंद्र मोदी SIR के जरिए लोगों से ये अधिकार भी छीन रहे हैं।
आने वाला समय बहुत मुश्किल होने वाला है, बड़ा झटका लगने वाला है
राहुल गांधी ने कहा आने वाला समय बहुत मुश्किल होने वाला है। ऐसी महंगाई होगी, जो आज तक देश ने नहीं देखी होगी। हर चीज के दाम बढ़ जाएंगे, किसान परेशान होंगे, क्योंकि देश में खाद की कमी हो जाएगी। तेल और गैस की सप्लाई रुक जाएगी। लेकिन इस आर्थिक तूफान का असर अडानी-अंबानी और नरेंद्र मोदी पर नहीं पड़ेगा, क्योंकि वो अपने महलों में बैठे रहेंगे। अगर इस आर्थिक तूफान का झटका किसी को लगेगा तो वह देश की आम जनता होगी।
आर्थिक तूफान आने वाला है, उसमें सबकुछ तबाह हो जाएगा
नरेंद्र मोदी ने देश का आर्थिक सिस्टम अडानी-अंबानी और अमेरिका के हाथों बेच दिया है। अब जो आर्थिक तूफान आने वाला है, उसमें सबकुछ तबाह हो जाएगा। जब ये सब होगा तो नरेंद्र मोदी जनता के सामने आकर रोएंगे कि मेरी गलती नहीं है। वे ऐसा नोटबंदी और कोरोना के समय कर चुके हैं। जबकि सच यही है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की गलती का खामियाजा जनता को भुगतना होगा।






