समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को अपने मुंबई दौरे के दौरान बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान से मिलने उनके घर पहुंचे। यह मुलाकात उस वक्त हुई जब सलमान खान के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान अस्वस्थ चल रहे हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। अखिलेश यादव ने सलमान से मिलकर उनके पिता के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द ठीक होने की कामना की।

सपा प्रमुख ने इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा कीं, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा- ‘मुंबई मिलन!’ इन तस्वीरों में अखिलेश यादव और सलमान खान एक-दूसरे से गर्मजोशी से मिलते हुए नजर आ रहे हैं।

अस्पताल में भर्ती हैं सलीम खान

सलमान खान के घर से बाहर निकलने के बाद अखिलेश यादव ने पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत की। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात सलीम खान से नहीं हो सकी क्योंकि वह अस्पताल में हैं।

“मैं उनके (सलमान खान) पिताजी से तो नहीं मिला हूं क्योंकि वो अस्पताल में थे। लेकिन, उनके स्वास्थ्य के बारे में मैंने सलमान खान जी से पूछा और उनकी जानकारी ली। हमें उम्मीद है कि वो बहुत जल्द ही स्वस्थ होकर घर लौटेंगे।” — अखिलेश यादव

हालांकि यह मुलाकात व्यक्तिगत और शिष्टाचार भेंट बताई जा रही है, लेकिन राजनीतिक और फिल्मी दुनिया की इन दो बड़ी हस्तियों की मुलाकात ने चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

क्रिएटिव इकॉनोमी समिट में हुए थे शामिल

दरअसल, अखिलेश यादव मुंबई में आयोजित ‘क्रिएटिव इकॉनोमी समिट’ में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल उनकी सरकार के घोषणापत्र में नहीं थी, लेकिन समय की जरूरत को देखते हुए इसे बनाया गया।

इसके अलावा उन्होंने महाकुंभ में सिलेंडर व्यवस्था, गोमती रिवर फ्रंट और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट्स का भी उल्लेख किया। इसी मंच से अखिलेश यादव ने यह भी ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी चार राज्यों- असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। समिट के बाद ही वह सीधे सलमान खान के घर पहुंचे थे।