Hindi News

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्ति का सैलाब, लाखों श्रद्धालु हुए भावविभोर , सीएम योगी ने भी श्रद्धा से मनाई जन्माष्टमी

Written by:Saurabh Singh
Published:
मथुरा के हर रास्ते पर कृष्ण लीला के दृश्यों से सजे सेल्फी पॉइंट्स बनाए गए, जहां श्रद्धालु परिवार के साथ यादें संजोते नजर आए।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्ति का सैलाब, लाखों श्रद्धालु हुए भावविभोर , सीएम योगी ने भी श्रद्धा से मनाई जन्माष्टमी

शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा और ब्रज के तीर्थ स्थलों पर लाखों भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में स्थित राधा कृष्ण मंदिर में मुख्य आयोजन के साथ ही मथुरा के सभी मंदिरों में उत्सव धूमधाम से मनाया गया। भक्तों में अपने ठाकुर के दर्शन की ऐसी ललक थी कि सुबह से ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान के बाहर लंबी कतारें लग गईं। शहर के मार्गों और चौराहों को जिला व नगर निगम प्रशासन ने विशेष रूप से सजाया, जहां भक्तों को भोग-प्रसाद, शरबत और शीतल जल वितरित किया गया।

मथुरा के हर रास्ते पर कृष्ण लीला के दृश्यों से सजे सेल्फी पॉइंट्स बनाए गए, जहां श्रद्धालु परिवार के साथ यादें संजोते नजर आए। विशेष मंचों पर ब्रज के साथ-साथ अवधी, बुंदेलखंडी, हरियाणवी, राजस्थानी, गुजराती और छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। जिला प्रशासन ने शहर को चार जोन और 18 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और आसपास के ‘यलो जोन’ में भारी पुलिस बल तैनात था, जबकि सादा वर्दी में खुफिया पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षा सुनिश्चित की।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर देर रात तक दर्शन की ललक

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भक्तों का उत्साह चरम पर था। देर रात से ही उत्तरी द्वार पर लंबी कतारें लगना शुरू हो गईं, जो रात बढ़ने के साथ और घनी होती गईं। भक्तों की यह ललक मथुरा-वृंदावन के साथ गोकुल, महावन, बरसाना, नंदगांव, गोवर्धन और राधाकुंड जैसे तीर्थ स्थलों पर भी देखने को मिली। मंदिर परिसरों में हर तरफ भक्ति और उत्साह का माहौल था, जहां भक्त अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे।

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पुलिस प्रशासन ने तीर्थयात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर, वृंदावन के बांके बिहारी, इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर जैसे संवेदनशील स्थलों पर भारी चौकसी बरती गई। जिम्मेदार अधिकारियों ने लगातार निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। मथुरा की गलियों और सड़कों पर पुलिस की सतर्क मौजूदगी ने भक्तों को सुरक्षित माहौल प्रदान किया, जिससे जन्माष्टमी का पर्व शांति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews