Hindi News

कुर्सी विवाद में थप्पड़ों की बौछार, कन्नौज में सपा नेता के भाई ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य को पीटा, अखिलेश यादव के हैं करीबी

Written by:Saurabh Singh
Published:
घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की है। दोनों नेता किसी काम से सदर तहसील पहुंचे थे। वकील के चैंबर में कुर्सी पर बैठने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
कुर्सी विवाद में थप्पड़ों की बौछार, कन्नौज में सपा नेता के भाई ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य को पीटा, अखिलेश यादव के हैं करीबी

कन्नौज ज़िले के सदर तहसील परिसर में मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के दो नेताओं के बीच जमकर विवाद हुआ, जो हाथापाई तक जा पहुंचा। मामला जमीन से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन विवाद की शुरुआत एक कुर्सी पर बैठने को लेकर हुई। आरोप है कि सपा नेता डीएम यादव के भाई लल्ला यादव ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य रजनीकांत यादव की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें थप्पड़ों की बौछार साफ देखी जा सकती है।

वकील के चैंबर में शुरू हुआ विवाद

घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की है। दोनों नेता किसी काम से सदर तहसील पहुंचे थे। वकील के चैंबर में कुर्सी पर बैठने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। वकील ने किसी तरह दोनों को शांत कर बाहर निकाला, लेकिन बाहर निकलते ही विवाद फिर बढ़ गया। वीडियो में दिख रहा है कि लल्ला यादव, रजनीकांत यादव का कॉलर पकड़ते हैं। उन्हें लगातार 6-7 थप्पड़ जड़ देते हैं। मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव कर लल्ला यादव को खींचकर ले जाते हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गई है।

अखिलेश यादव के हैं करीबी

रजनीकांत यादव कद्दावर सपा नेता माने जाते हैं और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के करीबी बताए जाते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जब अखिलेश मुख्यमंत्री थे, तब रजनीकांत बिना अपॉइंटमेंट सीधे सीएम से मिलने वालों में गिने जाते थे। उनकी पत्नी और भाई जलालाबाद के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। हालांकि, वर्तमान में उनके पास कोई पद नहीं है। उन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वहीं, लल्ला यादव किसान और कारोबारी हैं। वह सपा नेता डीएम यादव के छोटे भाई हैं। डीएम यादव ने कभी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव निर्दलीय लड़ा था, जिसमें उन्हें रजनीकांत यादव से हार का सामना करना पड़ा। तभी से दोनों परिवारों में तनातनी चल रही है।

बैठाकर सुलह करवाई जाएगी

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा के कन्नौज जिलाध्यक्ष कलीम खां ने कहा, “डीएम यादव और रजनीकांत यादव दोनों ही पार्टी से जुड़े हुए हैं, हालांकि डीएम यादव के पास इस वक्त कोई पद नहीं है। झगड़े की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दी जाएगी। दोनों पक्षों को बैठाकर सुलह करवाई जाएगी।”

बताया जा रहा है कि रजनीकांत यादव जलालाबाद क्षेत्र के तिलपई गांव के रहने वाले हैं, जबकि लल्ला यादव और डीएम यादव का गांव खिवराजपुरवा तिलपई से महज 4 किलोमीटर दूर है। फिलहाल मामला सपा के अंदरुनी विवाद जैसा दिख रहा है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद यह पार्टी की छवि के लिए भी एक सवाल बनकर खड़ा हो गया है। अब देखना होगा कि पार्टी हाईकमान इस पर क्या रुख अपनाता है।

Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews