समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने मध्य-पूर्व में चल रहे तनाव के बीच भारत के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश एक तरफ ईरान जैसे अपने पुराने मित्र को खो रहा है, तो दूसरी तरफ अमेरिका की दादागीरी के सामने झुक रहा है। अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इजराइल को ‘फादरलैंड’ कहने पर भी आपत्ति जताई।

गाजीपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति में यह एक अभूतपूर्व बदलाव है, जहां देश अपने स्वाभिमान से समझौता कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हो रहा है कि अमेरिका भारत को डांट रहा है और हम उसकी जी-हुजूरी कर रहे हैं।

‘फादरलैंड की नई परिभाषा से लोग परेशान’

अफजाल अंसारी ने इजराइल को लेकर सरकार के रुख की आलोचना करते हुए कहा, “आज प्रधानमंत्री इजराइल को फादरलैंड बताते हैं, उनकी इस परिभाषा को लेकर अब लोग परेशान हैं। अभी तक तो हम मातृभूमि की बात समझते थे, लेकिन यह फादरलैंड क्या है?”

“92 लाख की आबादी वाले इजराइल को फादरलैंड कह रहे हैं, ये तो चमचागीरी की हद हो गई।” — अफजाल अंसारी, सपा सांसद

उन्होंने ईरान को भारत का सच्चा मित्र बताते हुए कहा कि ईरान ने इस्लामिक गणराज्यों की बैठक में भी हमेशा कश्मीर के मुद्दे पर भारत का साथ दिया और पाकिस्तान के किसी भी प्रस्ताव को पास नहीं होने दिया। अंसारी ने कहा, “लेकिन आज हमने अपने एक अच्छे मित्र को खो दिया है।”

अमेरिका पर भारत को अपमानित करने का आरोप

सपा सांसद ने अमेरिका पर भारत के साथ दादागीरी करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “ये वही अमेरिका है जो आए दिन भारत के साथ भी दादागीरी करता है, भारत को अपमानित करता है। ऐसे में हमें शर्म आनी चाहिए।”

अंसारी ने पूर्व प्रधानमंत्रियों का जिक्र करते हुए अपनी बात को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी तक, किसी ने भी अमेरिका की दादागीरी को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया, “यह पहली बार है कि अमेरिका डांट रहा है और हम उसके तलवे चाट रहे हैं।”

इसके अलावा, उन्होंने ईद नहीं मनाने के अपने फैसले पर सफाई देते हुए कहा कि जब फिलिस्तीन और ईरान में मानवता की हत्या हो रही हो, तो वे खुशी नहीं मना सकते। उन्होंने अमेरिका के साथ हुई एक डील को किसानों के साथ विश्वासघात बताया और कहा कि एक उद्योगपति को बचाने के लिए पूरे देश का अपमान किया जा रहा है।