प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम से पहले उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को जेवर स्थित हवाई अड्डे पर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर समारोह की रूपरेखा और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सीधे जेवर स्थित हवाई अड्डे पर उतरा, जहां जिला प्रशासन और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। सीएम योगी के इस दौरे को लेकर पहले से ही व्यापक इंतजाम किए गए थे। उन्होंने लखनऊ से गाजियाबाद के हिंडन हवाई अड्डे तक हवाई यात्रा की और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए नोएडा पहुंचे थे।
सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक, हर पहलू की समीक्षा
सभागार में आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह की विस्तृत योजना के बारे में जानकारी दी। इसमें प्रधानमंत्री की सुरक्षा योजना, जनसभा में आने वाले लोगों की अनुमानित संख्या, उनके बैठने की व्यवस्था और यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसभा स्थल पर आने वाले लोगों के लिए पार्किंग का एक सुव्यवस्थित और स्पष्ट नक्शा तैयार किया जाए ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।
इसके अलावा, उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पीने के पानी की उपलब्धता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाएं, अग्नि सुरक्षा और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खुद हवाई अड्डा परिसर और जनसभा के लिए तय किए गए स्थल का निरीक्षण भी किया।
बैठक में इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान उनके साथ शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिनमें अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेघा रूपम, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ राकेश कुमार सिंह और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (NIAL) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) क्रिस्टोफ श्रेलमैन और सीओओ किरण जैन सहित कई अन्य अधिकारी बैठक में शामिल हुए।






